डीआईजी व एसपी द्वारा पुलिस पेंशनर्स के साथ की गई मीटिंग, समस्याएं सुन निस्तारण हेतु दिए दिशा-निर्देश

जनपद बांदा।

शनिवार को पुलिस उपमहानिरीक्षक चित्रकूटधाम परिक्षेत्र बांदा राजेश एस व पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल द्वारा पुलिस लाइन सभागार में पुलिस पेंशनर्स के साथ मीटिंग की गई। मीटिंग में पुलिस पेंशनर्स की पेंशन, चिकित्सा सुविधाएं, पारिवारिक पेंशन, लंबित प्रकरणों एवं अन्य व्यक्तिगत एवं विभागीय समस्याओं को गम्भीरतापूर्वक सुना गया और संबंधित शाखाओं/अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने हेतु स्पष्ट निर्देश दिए गए तथा पेंशनर्स को आश्वस्त किया गया कि उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा तथा अनावश्यक विलंब नहीं होने दिया जाएगा। इस अवसर पुलिस पेंशनर्स के कल्याण व उनकी समस्याओं के समाधान एवं उनके हितों के लिए निरंतर सराहनीय कार्य करने वाले पदाधिकारियों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। अधिकारियों द्वारा उनके इस सराहनीय योगदान की प्रशंसा की गई तथा कहा गया कि सेवानिवृत्ति के बाद भी पुलिस परिवार के प्रति उनका समर्पण एवं सहयोग प्रेरणादायी है।

पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल द्वारा पुलिस पेंशनर्स को साइबर सुरक्षा के संबंध में भी जागरूक किया गया। उन्हें साइबर अपराधों, ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, ओटीपी एवं बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा करने से होने वाले संभावित नुकसान के प्रति सचेत किया गया। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव के उपायों एवं साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल शिकायत दर्ज कराने के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई। मीटिंग के दौरान पुलिस पेंशनर्स की वर्तमान समस्याओं को सुनने के साथ-साथ उनके द्वारा दिए गए सुझावों को भी गंभीरतापूर्वक सुना गया। इस अवसर पर पुलिस पेंशनर्स के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने एवं उनकी समस्याओं के त्वरित निस्तारण के प्रति पुलिस विभाग की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक बांदा शिवराज, क्षेत्राधिकारी नगर सौरभ सिंह, प्रतिसार निरीक्षक बांदा बेलास यादव सहित पुलिस पेंशनर्स आदि मौजूद रहें।

Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट