बांदा-बुंदेलखंड का किसान खाद के लिए क्यों परेशान? शालिनी सिंह पटेल ने मुख्यमंत्री से मांगा जवाब

जनपद बांदा।

जनपद बांदा सहित पूरे बुंदेलखंड में खाद की किल्लत को लेकर जेडीयू की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं बुंदेलखंड संगठन प्रभारी शालिनी सिंह पटेल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर किसानों की समस्या का तत्काल समाधान कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि हर साल बुवाई के समय खाद का संकट खड़ा हो जाता है और किसानों को एक-एक बोरी खाद के लिए घंटों लंबी लाइनों में खड़े रहना पड़ता है। कई स्थानों पर किसानों के साथ मारपीट और लाठीचार्ज की शिकायतें भी सामने आती हैं, जो बेहद चिंताजनक हैं।

उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर हर साल खाद की किल्लत क्यों होती है और किसानों के लिए उपलब्ध कराई जाने वाली खाद आखिर जाती कहां है? इसकी निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। शालिनी सिंह पटेल ने कहा कि खाद के लिए लंबी लाइनों में समय बर्बाद होने से किसान समय पर अपने खेतों की बुवाई नहीं कर पाते, जिससे फसल का उत्पादन प्रभावित होता है और किसानों की आर्थिक स्थिति कमजोर होती है। देश का पेट भरने वाले अन्नदाता को अपनी ही खेती के लिए खाद प्राप्त करने में संघर्ष करना पड़े, यह दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने मुख्यमंत्री से बांदा सहित पूरे बुंदेलखंड में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने, खाद की आपूर्ति, भंडारण और वितरण व्यवस्था की जांच कराने तथा कालाबाजारी और जमाखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक किसान को उसकी जरूरत के अनुसार समय पर खाद उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि बुवाई प्रभावित न हो। शालिनी सिंह पटेल ने कहा कि किसानों को हर साल खाद संकट से जूझने के लिए छोड़ देना समस्या का समाधान नहीं है। सरकार को इस समस्या की जड़ तक पहुंचकर स्थायी व्यवस्था बनानी चाहिए, जिससे किसानों को समय पर खाद मिले, उनकी बुवाई समय से हो और उन्हें आर्थिक नुकसान का सामना न करना पड़े। उन्होंने मुख्यमंत्री से मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक निर्देश जारी करने की अपील की।

Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट