भाकियू ने नौ सूत्रीय मांगों को लेकर डीएम-एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

बिजली कटौती, खाद की उपलब्धता, फसल क्षति मुआवजा व सड़क निर्माण समेत कई मांगें उठाईं

खागा/फतेहपुर। भारतीय किसान यूनियन तहसील खागा की मासिक बैठक में लिए गए निर्णय के क्रम में सोमवार को तहसील अध्यक्ष सर्वेश कुमार सिंह के नेतृत्व में किसानों ने जिलाधिकारी फतेहपुर एवं उपजिलाधिकारी खागा को नौ सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। किसानों ने बिजली कटौती पर रोक लगाने, जले ट्रांसफार्मरों को तत्काल बदलवाने, समितियों पर पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने, बाढ़ प्रभावित किसानों व मजदूरों को उचित मुआवजा दिलाने तथा सड़कों की मरम्मत व निर्माण कराने की मांग की।
ज्ञापन में किसानों ने तहसील क्षेत्र में अनावश्यक बिजली कटौती बंद कराने और खराब ट्रांसफार्मरों को तत्काल बदलवाने की मांग की। इसके अलावा खतौनी अंश से संबंधित समस्याओं के निस्तारण के लिए चौपाल आयोजित कराने, मोहनपुर गोठी से मुगलरोड होते हुए टांडा रोड तक सड़क निर्माण कराने तथा सरकारी क्रय केंद्रों पर धान बेचने वाले किसानों के भुगतान की स्थिति की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराने की मांग उठाई गई।
किसानों ने समितियों पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने, बाढ़ से प्रभावित किसानों व मजदूरों के मकान एवं फसलों के नुकसान का उचित मुआवजा दिलाने तथा खेसरहा ब्लाक के रेलवे मोड़ से उकाथू रोड तक बने बड़े-बड़े गड्ढों की मरम्मत कराने की मांग की। वहीं गोगहरा कुटवा घाट में ग्राम सभा कल्लाखेड़ा से मजरे निवासीपुर मार्ग पर खड़ंजा निर्माण कराने तथा खागा तहसील के सभी बिजली फीडरों में अनावश्यक कटौती बंद कराने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
शिवपुरी गांव की समस्याएं भी उठाईं
ज्ञापन के साथ ग्राम सभा शिवपुरी, ब्लाक विजयपुर से संबंधित शिकायत भी संलग्न की गई। यूनियन के अनुसार गाटा संख्या 771 राजस्व अभिलेखों में तालाब के रूप में दर्ज है, जबकि मौके पर नाला बना हुआ है। आरोप है कि नाले की खुदाई न होने के कारण जलनिकासी प्रभावित हुई, जिससे करीब 40 बीघे धान की फसल खराब हो गई। ग्रामीणों ने गांव में व्याप्त गंदगी और जलनिकासी की समस्या का समाधान कराने की भी मांग की।
शिकायत में देवनाथ पुत्र डल्ला मौर्य तथा सत्तो व कुब्बर के नाम से धारा 67 की कार्रवाई को गलत बताते हुए अभिलेखों में सुधार की मांग की गई। साथ ही मुकदमा संख्या 281/26 एवं 436/26 के निस्तारण तथा लेखपाल कार्यालय परिसर में करीब तीन माह से कार्य प्रभावित होने के मामले में भी कार्रवाई की मांग की गई।
लाइनमैन पर अभद्रता का आरोप
ग्राम खालिसपुर, थाना धाता निवासी चांदनी बानो पत्नी फूल मियां की शिकायत भी ज्ञापन के साथ दी गई। शिकायतकर्ता का आरोप है कि सैकोरा पावर हाउस में तैनात बिजली विभाग के कर्मचारियों द्वारा गांव में फाल्ट होने पर बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाती है और विरोध करने पर ग्रामीणों से अभद्र भाषा का प्रयोग किया जाता है। शिकायत में संबंधित लाइनमैन को हटाकर दूसरे कर्मचारी की तैनाती किए जाने की मांग की गई है। बताया गया कि मामले में एसडीएम (हाइडल) द्वारा आवश्यक कार्रवाई के लिए शिकायत मार्क की गई है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान भाकियू जिलाध्यक्ष नवल सिंह पटेल, युवा जिलाध्यक्ष विवेक सिंह एडवोकेट, तहसील अध्यक्ष सर्वेश कुमार सिंह, जिला उपाध्यक्ष विपिन सिंह यादव, जिला मीडिया प्रभारी पंकज यादव समेत संगठन के कई पदाधिकारी एवं किसान मौजूद रहे।