चीनी वितरण को लेकर सरकारी राशन की दुकान पर गरमाया विवाद

 

कोटेदार के भाई पर गाली-गलौज, जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल और लाइसेंसी असलहे से धमकाने के गंभीर आरोप

दिव्यांग युवक का आरोप—पूर्व फौजी ने लाइसेंसी बंदूक दिखाकर डराया और धमकाया

′। ऐरायां विकास खंड के मदागंज गांव में सरकारी राशन की दुकान पर चीनी वितरण को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। अनुसूचित जाति की वृद्ध कार्डधारक महिला भानुमति रविवार को अपने नाती के साथ राशन लेने पहुंचीं। महिला के मुताबिक, उनके पास अंत्योदय कार्ड है।
आरोप है कि चीनी देने को लेकर वृद्ध महिला और कोटेदार राजबहादुर उर्फ झल्लर के भाई एवं पूर्व फौजी राजकुमार के बीच कहासुनी हो गई। वृद्ध महिला का आरोप है कि चीनी मांगने पर राजकुमार ने कथित रूप से अभद्रता करते हुए चीनी देने से मना कर दिया। महिला ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने, गाली-गलौज करने तथा मारपीट की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
वहीं, महिला के दिव्यांग नाती घूरेलाल पुत्र संतु लाल का आरोप है कि घटना की जानकारी मिलने पर वह मौके पर पहुंचा तो उसके साथ भी कथित रूप से अभद्रता की गई और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया गया। पीड़ित का आरोप है कि उसे और उसकी वृद्ध मां को जान से मारने की धमकी दी गई तथा लाइसेंसी बंदूक दिखाकर डराया-धमकाया गया।
पीड़ित पक्ष ने मामले की लिखित शिकायत उच्चाधिकारियों से करने की बात कही है। फिलहाल पूरे मामले में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस एवं संबंधित विभाग द्वारा जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
ब्यूरो रिपोर्ट