जनपद बांदा।
मंगलवार को विश्व प्राकृतिक संरक्षण दिवस के पावन अवसर पर केन नदी तट पर विश्व हिंदू महासंघ गौरक्षा बांदा एवं गंगा समग्र बांदा के संयुक्त तत्वावधान में केन मां की भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में तमाम श्रद्धालु, संत एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।
महाआरती में लिया गया संकल्प:
महाआरती के पश्चात उपस्थित समस्त भक्तों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि प्रत्येक व्यक्ति अपने जन्मदिन के अवसर पर एक पौधा अवश्य लगाएगा और उसकी 5 वर्ष तक देखभाल करेगा। आयोजकों ने कहा कि यदि बांदा का प्रत्येक नागरिक एक पौधा लगाए तो हमारा जनपद प्रदेश का सबसे स्वच्छ एवं हरित जनपद बन सकता है।
जिलाधिकारी बांदा से रखी प्रमुख मांग:
इस अवसर पर उपस्थित भक्तों ने जिलाधिकारी बांदा से मांग की कि शासन द्वारा किए गए दावे के अनुसार जनपद में 64 लाख पौधों का रोपण किया गया है। जनता को यह जानने का अधिकार है कि ये 64 लाख पेड़ जनपद में किस-किस स्थान पर, किस विभाग द्वारा और किस योजना के अंतर्गत लगाए गए हैं। अतः मांग की गई कि 64 लाख पौधरोपण का स्थानवार, विभागवार, जियो-टैग और फोटोग्राफ सहित सार्वजनिक विवरण 15 दिन के अंदर जारी किया जाए। वक्ताओं ने कहा कि जनता यह जानना चाहती है कि ये 64 लाख पेड़ वास्तव में धरती पर लगे हैं अथवा केवल कागजों पर।
जिलाध्यक्ष महेश कुमार प्रजापति का उद्बोधन:
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विश्व हिंदू महासंघ गौरक्षा के जिला अध्यक्ष महेश कुमार प्रजापति ने कहा कि केन मां हमारी जीवनदायिनी हैं। जिस प्रकार हम अपनी माता की सेवा करते हैं, उसी प्रकार प्रकृति और वृक्षों की रक्षा करना हमारा परम कर्तव्य है। वृक्ष ही जल हैं, वृक्ष ही वायु हैं और वृक्ष ही जीवन हैं। आज केन के किनारे वृक्षों की कटाई हो रही है और गौशालाओं में गोवंश उपेक्षित है। सरकार करोड़ों रुपए पौधरोपण पर खर्च कर रही है लेकिन धरातल पर परिणाम नहीं दिख रहे। हम मांग करते हैं कि प्रत्येक पौधे का सत्यापन कर उसका ब्यौरा सार्वजनिक किया जाए। हम सभी को प्रण लेना होगा – जन्मदिन पर केक नहीं, एक पौधा लगाएंगे। तभी केन मां निर्मल रहेंगी और बांदा हरा-भरा होगा। कार्यक्रम के अंत में सभी ने केन मां से जनपद में हरियाली, शुद्ध वायु और गौ संरक्षण का आशीर्वाद मांगा। इस मौके में जिला उपाध्यक्ष अनीता गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष आरती सिंह, अंजू गुप्ता, खाटू श्याम सेवा मंडल जिला अध्यक्ष वीरेंद्र गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष राघवेंद्र द्विवेदी, जिला उपाध्यक्ष आलोक प्रजापति, लोहा सिंह, कृष्ण कुमार धुरिया आदि कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट


