नीतीश कुमार के आशीर्वाद से यूपी में संगठन विस्तार को मिलेगी नई गति: शालिनी पटेल

जनपद बांदा।

जनता दल यूनाइटेड की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं संगठन प्रभारी बुंदेलखंड तथा नवनियुक्त राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट शालिनी सिंह पटेल ने बुधवार शाम पटना स्थित 7, सर्कुलर रोड पर बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री, राज्यसभा सांसद एवं जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया और कुशलक्षेम जाना। राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट की नई जिम्मेदारी मिलने के बाद हुई इस मुलाकात को संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस दौरान उत्तर प्रदेश में आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों, संगठन विस्तार और पार्टी की भावी रणनीति को लेकर चर्चा हुई। शालिनी सिंह पटेल ने उत्तर प्रदेश, विशेषकर बुंदेलखंड क्षेत्र में संगठन की गतिविधियों और पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए प्रदेश के विभिन्न जिलों और विधानसभा क्षेत्रों में संगठन का विस्तार करने, नए कार्यकर्ताओं को पार्टी से जोड़ने तथा बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। इसके साथ ही युवाओं, महिलाओं, किसानों, मजदूरों और आम जनता के बीच जनहित के मुद्दों को लेकर पार्टी की उपस्थिति मजबूत करने पर भी जोर दिया जा रहा है। शालिनी सिंह पटेल ने कहा कि राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट के रूप में मिली नई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाते हुए पार्टी की नीतियों और विचारों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने का प्रयास करेंगी। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार का मार्गदर्शन उनके लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहा है। पार्टी नेतृत्व ने जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता है। उत्तर प्रदेश में संगठन को मजबूत बनाने और जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए उनका प्रयास निरंतर जारी रहेगा।

Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट