दरोगा पर महिला ने लगाया दुष्कर्म का गंभीर आरोप, एसपी से मांगा न्याय

 

– अपहरण के मुकदमे में सुलह का दबाव बनाने के लिए घर से जबरन ले जाने का आरोप, सादे कागजों पर हस्ताक्षर कराने और पति-ससुर को फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का भी दावा

फतेहपुर ::- सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र में पुलिस विभाग को कटघरे में खड़ा करने वाला एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव निवासी करीब 20 वर्षीय महिला ने विवेचक दरोगा आरिस पाटिल पर जबरन घर से उठाकर ले जाने, अभद्रता करने और दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने 19 नवंबर को पुलिस अधीक्षक को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर आरोपी दरोगा के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
पीड़िता अंशू देवी पत्नी दिलीप कुमार ने शिकायती पत्र में बताया कि 24 जनवरी 2026 की रात उसकी ननद राधा देवी को बघौली गांव निवासी बीरन पुत्र अवध राम कथित रूप से अपहरण कर ले गया था। मामले की लिखित शिकायत 25 जनवरी को सुल्तानपुर घोष थाने में दी गई थी, लेकिन कार्रवाई न होने पर न्यायालय के आदेश से 3 अप्रैल 2026 को मुकदमा अपराध संख्या 47/2026 धारा 87, 137(2) और 351(2) बीएनएस के तहत दर्ज हुआ था। महिला का आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद भी आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई, बल्कि मुकदमे में सुलह करने के लिए उसके परिवार पर लगातार दबाव बनाया जाता रहा। आरोप है कि 18 नवंबर को सुबह करीब 11 बजे मुकदमे के विवेचक दरोगा आरिस पाटिल उसके घर पहुंचे। उस समय घर पर पति और ससुर मौजूद नहीं थे। छह माह की बच्ची के साथ अकेले होने की बात कहकर महिला ने थाने जाने में असमर्थता जताई, लेकिन आरोप है कि दरोगा ने गाली-गलौज करते हुए उसका हाथ पकड़ लिया और जबरन चार पहिया वाहन में बैठाकर ले गए। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसे दरोगा के निजी आवास पर ले जाया गया, जहां मुकदमे में सुलह करने का दबाव बनाया गया और कई सादे कागजों पर हस्ताक्षर कराए गए। महिला के मुताबिक, इसके बाद दरवाजा बंद कर उसके साथ मारपीट और जबरदस्ती करते हुए दुष्कर्म किया गया। विरोध करने पर धमकी दी गई कि यदि मुकदमे में सुलह नहीं की तो उसके साथ दोबारा ऐसा ही होगा और पति व ससुर को फर्जी मुकदमे में फंसाकर जेल भेज दिया जाएगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से आरोपी दरोगा के विरुद्ध तत्काल प्राथमिकी दर्ज कराने, निष्पक्ष जांच कराने तथा कठोर कानूनी और विभागीय कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। खबर पीड़िता द्वारा पुलिस अधीक्षक को दिए गए शिकायती प्रार्थना पत्र में लगाए गए आरोपों पर आधारित है। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।