असोथर फतेहपुर ! ग्राम पंचायत बेरूई में गुरुवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु मेले का आयोजन किया गया। मेले में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं पशुपालकों ने पहुंचकर सहभागिता की। इस दौरान पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर बीमार पशुओं का उपचार किया और पशुपालकों को बेहतर देखभाल के लिए जागरूक किया।
कार्यक्रम में भाजपा असोथर मंडल महामंत्री साहिल शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे, जबकि घनश्याम साहू विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। पशु मेले का उद्देश्य किसानों एवं पशुपालकों को पशुओं के बेहतर स्वास्थ्य, आधुनिक पशुपालन और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना रहा।
मुख्य अतिथि साहिल शर्मा ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार किसानों और पशुपालकों की आर्थिक स्थिति मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। पशुपालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती का महत्वपूर्ण आधार है। किसान खेती के साथ पशुपालन को अपनाकर अपनी आमदनी बढ़ा सकते हैं। उन्होंने कहा कि पशुओं का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, समय पर टीकाकरण और उचित खानपान बेहद जरूरी है। पशु स्वस्थ रहेंगे तो पशुपालक परिवार भी आर्थिक रूप से मजबूत होंगे।उन्होंने पशु चिकित्सा विभाग की टीम की सराहना करते हुए कहा कि गांवों में इस तरह के पशु मेले और चिकित्सा शिविर आयोजित होने से ग्रामीणों को अपने ही क्षेत्र में उपचार एवं जरूरी परामर्श की सुविधा मिलती है।
इस दौरान पशु चिकित्सा अधिकारी प्रदीप कुमार गुप्ता सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। टीम ने पशुओं का परीक्षण एवं उपचार करने के साथ पशुपालकों को बीमारियों से बचाव, साफ-सफाई, खानपान और टीकाकरण के प्रति जागरूक किया। साथ ही पशुपालन विभाग की विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र पशुपालकों को उनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
मेले में ग्राम बेरूई के ग्रामीणों एवं पशुपालकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। ग्रामीणों ने गांव में पशु चिकित्सा शिविर आयोजित किए जाने की सराहना की।


