पट्टे की जमीन पर कब्जे की आशंका, पांच ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से लगाई गुहार

 

– राजस्व न्यायालय से वाद खारिज होने के बाद भी जमीन पर कब्जे की कोशिश का आरोप, पुलिस और राजस्व टीम से सुरक्षा दिलाने की मांग

फतेहपुर ::- खागा तहसील क्षेत्र के ग्राम संग्रामपुर सानी में पट्टे की जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। गांव के पांच ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र भेजकर अपनी जमीन पर अवैध कब्जे की आशंका जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव के एक प्रभावशाली व्यक्ति द्वारा जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि संबंधित जमीन के पट्टा निरस्तीकरण का वाद राजस्व न्यायालय से खारिज हो चुका है। मुख्यमंत्री को भेजे गए शिकायती पत्र में गुलजारी लाल, सुमित्रा, फूलमती, विनोद और मनोज ने बताया कि उनके बाबा गोकुल पुत्र मातादीन के नाम 29 जनवरी 1976 को जमीन का पट्टा हुआ था। उनके निधन के बाद ग्राम संग्रामपुर सानी की खाता संख्या 0085 के गाटा संख्या 464 में 0.0230 हेक्टेयर भूमि उनके परिवार के नाम संक्रमणीय भूमिधर के रूप में दर्ज है। ग्रामीणों के मुताबिक, नेशनल हाईवे से सटी होने के कारण जमीन की कीमत काफी अधिक है। आरोप है कि गांव के भीम सिंह पुत्र बैजनाथ ने उक्त पट्टे को निरस्त कराने के लिए जिलाधिकारी न्यायालय में वाद दायर किया था। हालांकि, अपर न्यायिक जिलाधिकारी ने 15 सितंबर 2026 को आदेश पारित करते हुए वाद निरस्त कर दिया। इसके बावजूद अब जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किए जाने की आशंका जताई गई है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि जमीन पर उनकी ईंट की दीवार और मवेशियों के लिए चरही बनी हुई है। वे गरीब मजदूर परिवार से हैं और प्रभावशाली लोगों के दबाव के चलते उन्हें अपनी जमीन छिनने का डर सता रहा है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि उनकी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा रोका जाए तथा राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम भेजकर उन्हें उनकी जमीन पर सुरक्षित कब्जा दिलाया जाए। प्रार्थना पत्र के साथ न्यायालय के आदेश और खतौनी की छायाप्रति भी संलग्न की गई है।