ओवरलोड से बीरा विद्युत उपकेंद्र में बार-बार ट्रिपिंग, लो वोल्टेज से सिंचाई प्रभावित

जनपद बांदा।

उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित विद्युत आपूर्ति के निर्देश दिए जाने के बावजूद कमासिन क्षेत्र के मुसीवां में स्थित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र बीरा से ग्राम पंचायत बीरा पीटीडब्लू फीडर के जुड़े उपभोक्ताओं को इन दिनों बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है। उपकेंद्र पर बढ़े अतिरिक्त विद्युत भार के चलते बार-बार लाइन ट्रिपिंग और लो वोल्टेज की समस्या उत्पन्न हो रही है। इससे जहां घरेलू विद्युत उपभोक्ता परेशान हैं, वहीं धान की रोपाई के समय किसानों को बिजली न मिलने के कारण नलकूपों से सिंचाई करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि 33/11के०वी० विद्युत उपकेंद्र बीरा की निर्धारित क्षमता पर पहले से अधिक भार है। इसके बावजूद कमासिन विद्युत उपकेंद्र से आपूर्ति होने वाले ग्राम ईटर्रा बढौनी, लोहरा और ओझा नगर समेत कुछ अन्य गांवों की विद्युत आपूर्ति को बीरा उपकेंद्र से जोड़ दिया गया है। जिससे बीरा उपकेंद्र पर अतिरिक्त लोड बढ़ गया है। और विद्युत व्यवस्था लगातार प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों के अनुसार करीब 25 दिनों से असमय विद्युत कटौती, लो वोल्टेज और बार-बार लाइन ट्रिपिंग की समस्या बनी हुई है। बताया गया कि लगभग 150 केवीए क्षमता के उपकेंद्र पर 200 से 210 केवीए तक का अतिरिक्त भार पड़ने के कारण विद्युत आपूर्ति व्यवस्था चरमरा गई है। लो वोल्टेज के चलते किसानों के नलकूप सही तरीके से नहीं चल पा रहे हैं, जिससे धान की रोपाई और फसल की सिंचाई प्रभावित हो रही है।

समस्या को लेकर किसान तपन सिंह, गुरु प्रसाद मिश्रा, प्रकाश द्विवेदी और अली मोहम्मद समेत दर्जनों विद्युत उपभोक्ताओं ने बीरा विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता श्रीचन्द्र को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने मांग की कि उपकेंद्र की मशीन में आई खराबी को तत्काल दुरुस्त कराया जाए तथा ट्रिपिंग और केबल से संबंधित समस्या का स्थाई समाधान किया जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द विद्युत व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो किसान और विद्युत उपभोक्ता आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। किसानों का कहना है की वर्तमान समय में धान की रोपाई और सिंचाई का कार्य चल रहा है ऐसे में बिजली की अनियमित आपूर्ति से फसल प्रभावित होने का खतरा बढ़ गया है।

इस संबंध में बीरा विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता श्रीचन्द्र ने विद्युत उपभोक्ताओं की समस्या को जायज बताया उन्होंने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि कमसिन विद्युत उपकेंद्र से जुड़े तीन गांव की विद्युत आपूर्ति बीरा विद्युत उपकेंद्र से किए जाने के कारण विद्युत उपकेंद्र बीरा पर अतिरिक्त भार बढ़ गया है ।जिसके चलते लो वोल्टेज और लाइन टिपिंग की समस्या उत्पन्न हो रही है और नियमित विद्युत आपूर्ति प्रभावित हो रही है।

अवर अभियंता ने बताया कि किसानो की विद्युत समस्या जायज है। किसानों की समस्या से उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। और जल्द व्यवस्था में सुधार करने का प्रयास किया जाएगा। ताकि किसानों को नलकूपों से सिंचाई के लिए पर्याप्त विद्युत आपूर्ति मिल सके। ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से बीरा विद्युत उपकेंद्र की मशीन को तत्काल प्रभाव से ठीक कराने के साथ ही ट्रांसफार्मर और उप केंद्र की क्षमता बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक अतिरिक्त लोड का स्थाई समाधान नहीं किया जाता तब तक टिपिंग और लो वोल्टेज की समस्या बनी रहेगी। किसानों ने चेतावनी दी कि शीघ्र विद्युत व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो वह सामूहिक रूप से आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।

Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट