गौ रक्षा समिति ने गौशालाओं के निरीक्षण में पाई गंभीर अव्यवस्थाएं, बताया रानीपुर गौशाला की हालत सबसे बदतर

जनपद बांदा।

जनपद बांदा में गौशालाओं की दुर्दशा को लेकर विश्व हिंदू महासंघ गौरक्षा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष शत्रुघ्न सिंह के नेतृत्व में संगठन की टीम ने कमासिन व बिसंडा ब्लॉक क्षेत्र की विभिन्न गौशालाओं का औचक निरीक्षण किया। टीम ने जम्मू, छीलोलर, कोर्रा बुजुर्ग, परसौली, बेर्राव और नारायनपुर सहित कई गौशालाओं में पहुंचकर गौवंश की स्थिति, भूसा-चारा, पानी, साफ-सफाई तथा शेड की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। समिति के द्वारा यह बताया गया है कि निरीक्षण के दौरान कई गौशालाओं में बारिश के कारण जलभराव और भारी कीचड़ की समस्या मिली, जिससे गौवंश को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। टीम ने मौके पर मिली कमियों से संबंधित ग्राम प्रधानों और केयरटेकरों को अवगत भी कराया, जिस पर ग्राम प्रधानों ने बरसात जनित समस्याओं को जल्द दुरुस्त कराने का आश्वासन दिया। समिति की जानकारी के अनुसार सबसे गंभीर स्थिति रानीपुर गौशाला में देखने को मिली, जहां गौवंश घुटने भर कीचड़ में रहने को मजबूर है। यहां पीने के पानी की भी समुचित व्यवस्था नहीं मिली। टीम ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए तत्काल सुधार की मांग की गई।

गौरक्षा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष शत्रुघ्न सिंह ने कहा कि बरसात में गौशालाओं में विशेष ध्यान देने की जरूरत है। गौवंश को कीचड़ और गंदे पानी में रखना पाप है। प्रधान और सचिव अपनी जिम्मेदारी समझें। इस पूरे निरीक्षण पर विश्व हिंदू महासंघ गौरक्षा समिति के जिला अध्यक्ष महेश कुमार प्रजापति ने कड़ा उद्बोधन देते हुए कहा कि गौशालाओं में जो अव्यवस्थाएं मिली हैं, वह बेहद चिंताजनक और निंदनीय हैं। रानीपुर गौशाला में गौवंश कीचड़ में रहने को मजबूर है, यह प्रशासन की घोर लापरवाही को दर्शाता है। सरकार गौवंश के लिए करोड़ों रुपये दे रही है, लेकिन धरातल पर वह पैसा नहीं लग रहा है। जिलाध्यक्ष महेश ने कहा कि मैं जिलाधिकारी बांदा से मांग करता हूं कि जनपद की सभी गौशालाओं का एसडीएम स्तर से जांच कराई जाए और दोषी प्रधानों व सचिवों पर कठोर कार्रवाई की जाए। गौ माता के नाम पर भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हमारी टीम आगे भी इसी तरह औचक निरीक्षण करती रहेगी। उन्होंने प्रशासन से सभी गौशालाओं में सूखा भूसा, हरा चारा, साफ पानी और जल निकासी की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। इस निरीक्षण दल में गौरक्षा प्रकोष्ठ की टीम के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।

Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट