फतेहपुर
दहेज प्रताड़ना के आरोपों के बीच एक गर्भवती विवाहिता के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। विवाहिता के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग को लेकर मारपीट और प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए बेटी के साथ अनहोनी की आशंका जताई है। पीड़ित परिवार ने एसपी कार्यालय पहुंचकर विवाहिता की तलाश कराने और नामजद ससुरालीजनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। खखरेरू थाना क्षेत्र के हरदासपुर गेरिया गांव का है। गांव निवासी धुन्नलाल की बेटी सीता देवी की शादी 12 मार्च 2019 को खागा कोतवाली क्षेत्र के अकिलपुर ऐराना गांव निवासी दीपक कुमार के साथ हुई थी। मायके वालों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज की मांग को लेकर सीता को प्रताड़ित करता था। पति दीपक कुमार, सास दासिया, जेठ मंगल, मामा भुक्कू और मामा के बेटे अंजीत कुमार पर मारपीट व गाली-गलौज करने के आरोप लगाए गए हैं।
परिजनों के मुताबिक, सीता से कई बार रुपयों की मांग की गई और मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी। सीता का करीब तीन वर्षीय बेटा भी है। परिजनों का कहना है कि रक्षाबंधन के बाद 15 सितंबर को सीता अपने ससुराल गई थी। 17 सितंबर की सुबह करीब नौ बजे मायके वालों को ससुराल में विवाद होने की जानकारी मिली। इसके बाद सीता के लापता होने की बात सामने आई। जानकारी मिलते ही मायके वाले बेटी के ससुराल पहुंचे और उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर खोजबीन के बावजूद विवाहिता का पता नहीं चल सका। परिजनों का आरोप है कि स्थानीय स्तर पर शिकायत के बाद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद उन्होंने एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायती पत्र दिया। मायके वालों ने नामजद ससुरालीजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवाहिता की तलाश कराने की मांग की है। साथ ही गर्भवती बेटी के साथ किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए मामले की गंभीरता से जांच कराने की गुहार लगाई है। एसपी ने परिजनों को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया हैं।
ब्यूरो रिपोर्ट


