मछली पकड़ने गए मजदूर की तालाब में डूबने से हुई मौत चार घंटे की तलाश के बाद गोताखोरों ने बरामद किया शव

 

सुल्तानपुर घोष/ खागा। थाना क्षेत्र के आरामपुर बसई गांव में रविवार दोपहर को तालाब में मछली पकड़ने गए मजदूर की डूबने से मौत हो गई। घटना की जानकारी पर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कराई। करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद जाल की मदद से मजदूर का शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताते चलें कि आरामपुर बसई गाँव निवासी जियालाल कोरी (38) पुत्र शिवराज कोरी रविवार दोपहर को ही गांव के तालाब में मछली पकड़ने गया था। ग्रामीणों के अनुसार, मछली कांटे में फंसने के बाद गहरे पानी की ओर चली गई। उसे पकड़ने के प्रयास में जियालाल पानी में चला गया, जहां गहराई अधिक होने के कारण वह डूब गया। पास मौजूद एक युवक ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। घटना की जानकारी ग्रामीणों ने पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय इजूरा गंगा घाट से गोताखोरों को बुलाया गया। गोताखोरों ने जाल डालकर तालाब में तलाश शुरू की। करीब चार घंटे बाद जियालाल का शव बरामद हुआ। ग्राम प्रधान अनवर खान ने बताया कि जियालाल मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत की खबर मिलते ही पत्नी सीमा और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के तीन बच्चे हैं, जिनमें सोनू (11), मोनू (9) और सात वर्षीय बेटी वैष्णवी शामिल हैं।
पुरे मामले में थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह चंदेल ने बताया कि घटना की जानकारी के बाद स्थानीय गोताखोरों के जरिये शव को बरामद कर लिया गया है, पंचनामा करा कर पोस्टमार्टम हेतू भेज दिया गया।