संपूर्ण समाधान दिवस में 85 प्रार्थना पत्रों में 6 का मौके पर निस्तारण

जनपद बांदा।

बांदा की तहसील पैलानी में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता जिलाधिकारी अमित आसेरी ने की। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजेंद्र सिंह, परियोजना निदेशक राजेश सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। संपूर्ण समाधान दिवस में जनसामान्य द्वारा विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 85 प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए, जिनमें से 6 प्रार्थना पत्रों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष प्रार्थना पत्रों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को उपलब्ध कराते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा संबंधित शिकायतकर्ता को भी निस्तारण की जानकारी उपलब्ध कराई जाए।

गौरी कला गौशाला संबंधी शिकायत पर जिलाधिकारी ने लिया तत्काल संज्ञान:

संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायतकर्ता विनय तिवारी द्वारा गौवंश के अनैतिक तरीके से विक्रय किए जाने, शव निस्तारण की समुचित व्यवस्था न होने तथा गौरी कला गौशाला में कीचड़, पानी एवं अन्य व्यवस्थाओं से संबंधित शिकायत प्रस्तुत की गई। जिलाधिकारी ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को गौरी कला गौशाला का स्थलीय निरीक्षण कर शिकायत में उल्लिखित बिंदुओं का सत्यापन करते हुए आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

निर्देश के क्रम में मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी द्वारा गौरी कला गौशाला का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान गौशाला में 155 गोवंश पाए गए। निरीक्षण में गोवंश के लिए चारा, पानी एवं पशु आहार की पर्याप्त उपलब्धता पाई गई तथा साफ-सफाई की व्यवस्था भी संतोषजनक पाई गई। शिकायत में उल्लिखित बिंदुओं का मौके पर सत्यापन करते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गौशालाओं में गोवंश के लिए पर्याप्त चारा- पानी, साफ-सफाई, स्वास्थ्य देखभाल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं निरंतर सुनिश्चित रखी जाएं तथा प्राप्त शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए शिकायतकर्ता को संतुष्टिपरक निस्तारण उपलब्ध कराया जाए।

समाधान दिवस में विभागवार शिकायतों की सुनवाई:

संपूर्ण समाधान दिवस में भूमि एवं राजस्व, खाद्य एवं रसद, पुलिस, कृषि, स्वास्थ्य, पशुपालन, जल निगम, बैंक सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनशिकायतों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि आवश्यकता के अनुसार स्थलीय निरीक्षण एवं सत्यापन करते हुए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनसामान्य की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। अधिकारी प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समय-सीमा में निस्तारण सुनिश्चित करें।

Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट