त्योहारों को लेकर प्रशासन अलर्ट, शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व संपन्न कराने के निर्देश

जनपद बांदा।

जिलाधिकारी अमित आसेरी ने अधिकारियों को दिए समन्वय, सुरक्षा, स्वच्छता एवं मूलभूत सुविधाओं की पुख्ता व्यवस्था के निर्देश। आगामी नवरात्रि, दशहरा, दीपावली एवं अन्य पर्वों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलास्तरीय शांति समिति (पीस कमेटी) की बैठक जिलाधिकारी बांदा अमित आसेरी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक में दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारियों, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि त्योहार आपसी भाईचारे, शांति एवं सौहार्द के प्रतीक हैं। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए श्रद्धालुओं एवं आमजन को सुरक्षित और सुगम वातावरण उपलब्ध कराएं।

बैठक में जिलाधिकारी द्वारा दिए गए प्रमुख निर्देश:

सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए पर्वों के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करना सुनिश्चित करें। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि पर्वों से पूर्व सभी प्रमुख सड़कों एवं आवागमन वाले मार्गों की मरम्मत का कार्य पूर्ण कराते हुए उसकी रिपोर्ट संबंधित उप जिलाधिकारियों को उपलब्ध कराएं।

विद्युत विभाग को निर्देशित किया गया कि हाईटेंशन लाइनों एवं अन्य विद्युत व्यवस्थाओं का पूर्व से निरीक्षण कर लिया जाए, ताकि पर्वों के दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना की स्थिति उत्पन्न न हो। विद्युत व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए एक विशेष टीम गठित कर शहर एवं प्रमुख क्षेत्रों का भ्रमण कराया जाए तथा लटकते हुए विद्युत तारों एवं अन्य विद्युत संबंधी कमियों को तत्काल ठीक कराया जाए। स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष फोकस करते हुए जिला पंचायत राज अधिकारी एवं नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि पूजा स्थलों, मूर्ति स्थापना स्थलों तथा विसर्जन मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। मूर्ति स्थापना एवं पूजा स्थलों को चिन्हित करते हुए वहां चूने का छिड़काव एवं साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया गया कि जनपद की सभी गौशालाओं में गोवंश को संरक्षित रखा जाए। सड़कों पर गोवंश विचरण करता पाया गया तो संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। जल संस्थान को निर्देश दिए गए कि जहां पूर्व वर्षों में आवश्यकता के अनुसार टैंकरों की व्यवस्था की जाती रही है, वहां मांग एवं आवश्यकता के अनुसार पेयजल टैंकर उपलब्ध कराए जाएं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को पर्वों के दौरान पर्याप्त एंबुलेंस एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। आबकारी विभाग को निर्देशित किया गया कि पूजा स्थलों के आसपास स्थित मदिरा की दुकानों के संबंध में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा पर्व के दौरान निर्धारित प्रतिबंधों का कड़ाई से अनुपालन कराया जाए। पूजा स्थलों एवं धार्मिक आयोजनों के आसपास मांस-मछली की दुकानों को नियमानुसार बंद रखने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों के संचालन में निर्धारित मानकों एवं नियमों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। ध्वनि की तीव्रता निर्धारित सीमा से अधिक न हो और आयोजन स्थल पर नियमानुसार जांच के बाद ही संचालन की अनुमति दी जाए।

पुलिस अधीक्षक ने शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की:

पुलिस अधीक्षक बांदा ने दुर्गा पूजा समितियों एवं उपस्थित संभ्रांत नागरिकों से अपील की कि आगामी सभी पर्वों को आपसी सहयोग, भाईचारे एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं। उन्होंने कहा कि पुलिस एवं प्रशासन द्वारा सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। फायर विभाग को विशेष सतर्कता बरतने तथा आवश्यक स्थानों पर पर्याप्त अग्निशमन व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए। आवश्यकता के अनुसार संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती भी की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों में मूर्ति स्थापना स्थलों एवं विसर्जन स्थलों का स्थलीय भ्रमण कर आवश्यक व्यवस्थाओं का समय से सत्यापन एवं समुचित प्रबंध सुनिश्चित करें। बैठक में प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों ने दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारियों से समन्वय स्थापित करते हुए पर्वों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। शोभाराम कश्यप ने अपने विचार व्यक्त करते हुए आपसी भाईचारे इतिहास के विषय में प्रकाश डाला सहित संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में सभी पर्व शांति, सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाए जाएं, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। आमजन की सुरक्षा एवं सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कुमार धर्मेंद्र, अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज सहित संबंधित उप जिलाधिकारी पुलिस क्षेत्रधिकारी गण उपस्थित रहे।

Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट