जनपद बांदा।
गुरुवार को विश्व हिंदू महासंघ गौ रक्षा समिति के पदाधिकारियों ने गौवंशों की तमाम व्यवस्थाओं के मद्देनजर जिलाधिकारी अमित आसेरी को ज्ञापन सौंपकर कार्यवाही की मांग की साथ ही मोमेंटो और पराक्रम पत्रिका भेंट कर शिष्टाचार भेंट की। ज्ञापन के माध्यम से बताया गया है कि बांदा जनपद की अधिकतर गौशालाओं की हालत काफी दयनीय है। बताया गया है कि विश्व हिंदू महासंघ गौ रक्षा समिति बांदा के पदाधिकारियों द्वारा लगातार ही गौशालाओं में जाकर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया जाता है तथा आवश्यक व्यवस्थाओं के मद्देनजर जिम्मेदार लोगों को निर्देशित भी किया जाता है किंतु जिम्मेदारों द्वारा गौवंश के हितकर कोई ठोस कार्य नहीं कराए जा रहे हैं और जिला स्तर के अधिकारियों का भी उन्हें कोई भय नहीं है, संबंधित गौशाला संचालकों द्वारा गौवंश को भरपेट भोजन, स्वच्छ जल, गर्मी के मद्देनजर छाया का प्रबंध एवं सुरक्षा सहित अन्य सुविधाओं के लिए कोई प्रबंध नहीं किए जा रहे है और आए दिन गौवंश की दुर्घटना में मृत्यु, बीमारी से मृत्यु एवं भोजन आदि न मिल पाने से मृत्यु हो जाने की खबरें आए दिन आती रहती है, जबकि शासन के निर्देशानुसार गौशालाओं की समुचित व्यवस्थाएं कराया जाना एवं गौवंश हेतु उचित भोजन, स्वच्छ जल, उचित स्थान पर उठने बैठने का प्रबंध और छाया के लिए आवश्यक प्रबंध किए जाने हेतु निर्देशित है लेकिन जिम्मेदार लोग शासन से प्राप्त धन का बंदरबांट करते हुए अपनी जेब भरते है और गौवंश हेतु कोई व्यवस्थाएं मुहैया नहीं कराते, और अन्ना गौवंश होने के कारण भी दुर्घटनाएं होती है जिससे गौवंश और आम जनमानस के जान माल का खतरा भी है साथ ही अन्ना गौवंश किसानों की फसलों को भी बर्बाद करते हैं जिससे किसानों का भी भारी नुकसान होता है, उक्त के संबंध में विश्व हिंदू महासंघ गौ रक्षा समिति बांदा द्वारा मांग की गई है कि –
1- गौवंश को दिन में कुछ घंटों के लिए छोड़ा जाए किंतु एक या दो जिम्मेदार लोग ध्यान दे जिससे किसानों की फसलों का नुकसान न होने पाए
2- गौशालाओं में उचित खान-पान की व्यवस्था सुचारू रूप से की जाए
3- संबंधित पशु चिकित्साधिकारी द्वारा नियमित गौवंश की जांच की जाए और बीमार गौवंश का समुचित इलाज कराया जाए
4- किसी कारण से गौवंश की मृत्यु होने पर उचित स्थान में सम्मानपूर्वक दफनाए जाने का कार्य किया जाए खुले में शव न फेंका जाए
5- जनपद के प्रत्येक गौशालाओं की गौवंश की गिनती कराकर ही डिमांड लगाई जाए जिससे जिम्मेदार अवैध रूप से धन आहरण न कर पाए
6- जिला स्तर के अधिकारियों द्वारा समय-समय पर गौशालाओं का निरीक्षण किया जाए और व्यवस्थाओं हेतु निर्देशित किया जाए
7- संबंधित गौशालाओं के जिम्मेदार द्वारा अनियमितताएं पाए जाने पर ठोस कार्यवाही की जाए
8- गर्मी के मद्देनजर स्वच्छ जल, छाया और रख रखाव हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए
इस मौके पर जिला अध्यक्ष अधिवक्ता प्रकोष्ठ दीपक शुक्ला, जिला प्रभारी सुरेश कान्हा, जिला महामंत्री राकेश कुमार त्रिपाठी, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष महेश कुमार धुरिया, जिला उपाध्यक्ष राघवेंद्र द्विवेदी, जिला मंत्री ठाकुर राहुल सिंह, नगर अध्यक्ष ऋषभ कुमार विश्वकर्मा, संजीव द्विवेदी, जिला मीडिया प्रभारी मितेश कुमार आदि कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Crime 24 Hours/ब्यूरो रिपोर्ट


