फतेहपुर। लखनऊ स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित होने वाली दो दिवसीय यूपी स्टेट गोल्डन कप ताइक्वांडो चैंपियनशिप में प्रतिभाग करने के लिए फतेहपुर के 19 खिलाड़ियों का दल दो कोच के साथ रवाना हुआ। ताइक्वांडो एसोसिएशन ऑफ फतेहपुर के अध्यक्ष किशन मेहरोत्रा ने खिलाड़ियों को विजय तिलक लगाकर और पुष्पहार पहनाकर सम्मानित किया तथा प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। कोच भारत वर्मा और शिव कुमार की निगरानी में रवाना हुए दल में आराध्या त्रिपाठी, दीक्षा सिंह, अंजलि मिश्रा, वसुन्धरा, आराध्या सिंह, अंशिका यादव, प्रिया देवी, अनन्या, कुणाल साहू, अंश श्रीवास्तव, वत्सल श्रीवास्तव, यथार्थ सिंह, आशु मौर्या, सूर्या साहू, अंश मौर्य, साक्ष्य चौधरी, आयुष्मान सिंह, अथर्व पटेल और कृष्णा सिंह शामिल हैं। रवाना होने के दौरान खिलाड़ियों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारे लगाकर उत्साह व्यक्त किया। इस अवसर पर एसोसिएशन के अध्यक्ष किशन मेहरोत्रा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि तन और मन की पूरी शक्ति से खेला गया खेल कभी व्यर्थ नहीं जाता। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की प्रेरणा देते हुए विजय का आशीर्वाद दिया। खिलाड़ियों की रवानगी के दौरान उनके अभिभावक भी मौजूद रहे और सभी ने टीम को शुभकामनाएं दीं।


