आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं व लाभार्थियों को किया गया सम्मानित

जनपद बांदा।

मंगलवार 08 सितंबर 2026 को मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों/आंगनबाड़ी सहायिकाओं तथा महिला लाभार्थियों के सम्मान समारोह के अवसर पर अयोध्या में आयोजित कार्यक्रम के सीधे प्रसारण के निर्देश के क्रम में जनपद बाँदा की समस्त तहसीलों सहित विकास भवन सभागार में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों/सहायिकाओं एवं लाभार्थियों को आमंत्रित कर कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विकास भवन सभागार में लगभग 500 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों तथा लाभार्थियों द्वारा प्रतिभाग किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जल शक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद, विशिष्ट अतिथि विधायक नरैनी ओमामणि वर्मा तथा जिलाधिकारी बाँदा अमित आसेरी, मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार पाण्डेय, जिला कार्यक्रम अधिकारी दिलीप कुमार पाण्डेय सहित अन्य अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रतिभाग किया गया। इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं तथा विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित लाभार्थियों द्वारा प्रतिभागिता एवं उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। तहसील नरैनी में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि तथा तहसील बबेरू में विधायक प्रतिनिधि अजय पटेल एवं तहसील पैलानी में जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील पटेल द्वारा मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया गया। जनपद एवं तहसील स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में सुपोषित सेम बच्चों के माता-पिता को स्वस्थ बच्चा प्रमाण-पत्र एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को सांकेतिक रूप से साड़ी का वितरण किया गया। इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी द्वारा सीडीपीओ से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्री-स्कूल मॉड्यूल से आच्छादित एफएलएनडीओ/टीएलएम किट का वितरण किया गया। कार्यक्रम के अंत में समस्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को मानदेय वृद्धि सहित आयुष्मान योजना से आच्छादित किए जाने पर जनप्रतिनिधियों द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों/सहायिकाओं को शुभकामनाएं एवं बधाई दी गई तथा बेहतर कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट