जनपद बांदा।
बांदा शहर के क्योटरा स्थित शिवबालक लॉज में राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा की एक महत्वपूर्ण बैठक जिलाध्यक्ष गणेश अग्निहोत्री की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में संगठन के विस्तार, आगामी रणनीतियों और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। बैठक के दौरान संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से नए पदाधिकारियों की घोषणा की गई। राघव तिवारी और जय द्विवेदी को जिला उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई, जबकि विनोद कुमार को जिला सचिव नियुक्त किया गया। सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों का कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से स्वागत किया और उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं। जिलाध्यक्ष गणेश अग्निहोत्री ने कहा कि संगठन लगातार जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठा रहा है और समाज के विभिन्न वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि आम लोगों का सहयोग और समर्थन लगातार बढ़ रहा है, जिससे संगठन को मजबूती मिल रही है। जिला महामंत्री राम प्रकाश द्विवेदी ने अपने संबोधन में कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य समाज के लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और उन्हें संगठित करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और वार्ड स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। बैठक के दौरान जिलाध्यक्ष गणेश अग्निहोत्री ने भाजपा सरकार की नीतियों पर भी तीखा कटाक्ष किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सवर्ण समाज के हितों की अनदेखी कर रही है और उनके साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि समाज के लोग एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करें तो बदलाव की राह आसान हो सकती है। उन्होंने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए सवर्ण समाज से एकजुट होने और अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन करने की अपील की। साथ ही नवनियुक्त पदाधिकारियों को बांदा नगर कार्यकारिणी के गठन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। बैठक के अंत में संगठन के विस्तार और भविष्य की रणनीतियों को लेकर विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर अश्वनी द्विवेदी, शंकर शुक्ला, भाऊ, अजय, श्रवण, सचिन, पवन, अंकित, अंबिका समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट


