खड़ी बोलेरो में मोटरसाइकिल सवार ने मारी टक्कर, एक की मौके पर मौत दो गंभीर रूप से घायल

 

रिपोर्ट – जयराम जी तिवारी
मनियर बांसडीह बलिया

मनियर ( बलिया ) – बलिया जनपद के मनियर ब्लॉक के अंतर्गत 19 सितंबर दिन रविवार को एक भयानक दुर्घटना सामने आई है जहाँ एक बाईक पर सवार तीन युवक ओवरस्पीडिंग करते हुए मनियर थाने के बगल में सड़क किनारे पटरी पर खड़ी बोलेरो के पिछले हिस्से में जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक युवक की मौके पर मौत हो गई तथा दो अन्य सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र मनियर ले जाया गया। जहां एक युवक को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया तथा अन्य दो युवकों का प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

बताया जा रहा है कि तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर मनियर बस स्टैंड से अपने घर की तरफ जा रहे थे। तभी मनियर थाने के पास सड़क किनारे पटरी पर खड़ी बोलेरो में उन्होंने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो के पिछले हिस्से का कुछ भाग क्षतिग्रस्त हो गया तथा सड़क पर खून से लथपथ हो गये। टक्कर के परिणामस्वरूप मोहित राजभर पुत्र सुखदेव राजभर उम्र करीब 18 वर्ष निवासी मनियर वार्ड 12 की मौत हो गई। वही घायल अर्जुन राजभर पुत्र जीउत राजभर उम्र करीब 19 वर्ष निवासी धनौती तथा सनी पासवान पुत्र लक्ष्मण पासवान उम्र करीब 17 वर्ष  निवासी मनियर वार्ड 4 का इलाज मऊ के अस्पताल में चल रहा हैं।

वहीं इस संबंध में थाना प्रभारी मनियर अजय कुमार त्रिपाठी का कहना है कि एक लड़के की मौत हो गई । मृतक  मोहित राजभर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बलिया भेज दिया गया हैं।