किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर परो माँ ने उतारी केन मां की महाआरती

जनपद बांदा।

बांदा में मंगलवार 6 अक्टूबर 2026 को माँ केन आरती स्थल, भूरागढ़, बांदा में केन मां की पावन महाआरती का भव्य आयोजन किया गया। इस पावन महाआरती में मुख्य अतिथि के रूप में किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर परो माँ जी शामिल हुईं और माँ केन की महाआरती कर भक्तों को आशीर्वाद दिया। इसी दौरान महाआरती में उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने इसराइल में नागरिकों को बचाने वाले भारतीय पायलट के साहस को नमन किया और माँ केन से उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की।

महामंडलेश्वर परो माँ जी का उद्बोधन:

माँ केन सभी की मनोकामना पूर्ण करती हैं। आज की यह महाआरती देश की एकता और मानवता के कल्याण के लिए है। जिस प्रकार हमारे देश के वीर पायलट ने विदेश में भी मानवता की रक्षा की है, वह पूरे भारतवर्ष के लिए गर्व की बात है। माँ केन से प्रार्थना है कि वे हमारे वीर जवान को स्वस्थ रखें और देश को ऐसे ही वीरों से भरा रखें।

जिलाध्यक्ष महेश कुमार प्रजापति का उद्बोधन:

माँ केन की महाआरती बांदा की आस्था का प्रतीक है। आज महामंडलेश्वर परो माँ जी के सानिध्य में महाआरती और भी दिव्य हो गई। हमने महाआरती में इसराइल में फंसे नागरिकों को बचाने वाले भारतीय पायलट के स्वास्थ्य लाभ के लिए प्रार्थना की है। गंगा समग्र के माध्यम से हम माँ केन और माँ गंगा की निर्मलता और अविरलता के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। यह हमारे सनातन धर्म की परम्परा है कि हम विश्व के कल्याण की कामना करते हैं।

यह कार्यक्रम विश्व हिंदू महासंघ गौ रक्षा समिति एवं गंगा समग्र (कानपुर प्रांत) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। इस अवसर पर विश्व हिंदू महासंघ गौ रक्षा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष एवं गंगा समग्र कानपुर प्रांत, जनपद बांदा के जिला संयोजक महेश कुमार प्रजापति एवं भारी संख्या में श्रद्धालु भक्तगण उपस्थित रहे।

Crime 24 Hours / Mitesh Kumar