सुशासन दिवस पर अरवारी के तोड़ी पुरवा में हुआ नीतीश संवाद, शालिनी पटेल ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

जनपद बांदा।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा 24 नवंबर 2005 को मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण कर सुशासन एवं विकास के नए दौर की शुरुआत किए जाने की स्मृति में मंगलवार को सुशासन दिवस के अवसर पर जनपद बांदा की बबेरू तहसील के कमासिन ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत अरवारी के मजरा तोड़ी पुरवा में नीतीश संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) की राष्ट्रीय प्रवक्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं बुंदेलखंड संगठन प्रभारी शालिनी सिंह पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने नीतीश कुमार के राजनीतिक सफर, सुशासन की अवधारणा, सामाजिक न्याय और बिहार में लागू की गई विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की।

शालिनी सिंह पटेल ने कहा कि सुशासन का वास्तविक अर्थ सरकार की योजनाओं और सुविधाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में महिलाओं को पंचायती राज संस्थाओं में 50 प्रतिशत आरक्षण देकर राजनीतिक भागीदारी बढ़ाई गई। वहीं, बालिकाओं को साइकिल योजना के माध्यम से शिक्षा से जोड़ने, छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहन देने, शिक्षकों की नियुक्ति तथा सड़क, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए गए। उन्होंने महिला सशक्तीकरण, सामाजिक न्याय और अति पिछड़े एवं वंचित वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयासों को भी रेखांकित किया। कार्यक्रम के दौरान शालिनी सिंह पटेल ने ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि जेडीयू का उद्देश्य गांव-गांव पहुंचकर आम जनता से सीधा संवाद करना और उनकी समस्याओं एवं जरूरतों को समझकर शासन-प्रशासन तक पहुंचाना है।

Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट