नौबस्ता गंगा घाट से हजारों कांवड़िए कुंडेश्वर धाम के लिए रवाना

प्रेमनगर/फतेहपुर ::- 16 अगस्त जनपद फतेहपुर के खागा तहसील क्षेत्र अंतर्गत थाना सुल्तानपुर घोष के नौबस्ता गंगा घाट पर आज आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सावन के पावन अवसर पर सुबह से ही हजारों की संख्या में शिवभक्त कांवड़िए नौबस्ता गंगा घाट पर एकत्रित हुए। यहां पवित्र गंगा नदी में आस्था की डुबकी लगाने और कांवड़ में गंगाजल भरने के बाद हजारों कांवड़ियों का जत्था कुंडेश्वर धाम के लिए रवाना हुआ।केसरिया रंग में रंगे शिवभक्तों के उत्साह से पूरा घाट क्षेत्र सराबोर नजर आया। ‘बोल बम’, ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के गगनभेदी जयकारों से नौबस्ता गंगा घाट और आसपास का इलाका पूरी तरह गुंजायमान रहा।सुरक्षा को लेकर सुल्तानपुर घोष पुलिस रही अलर्टहजारों की भारी भीड़ और कांवड़ियों की सुरक्षा को देखते हुए सुल्तानपुर घोष थाना पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आई। सुल्तानपुर घोष थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस बल ने नौबस्ता गंगा घाट पर सुरक्षा व्यवस्था का कड़ा मोर्चा संभाला। घाट पर जल स्तर और कांवड़ियों की सुरक्षा की निगरानी करने के साथ-साथ पुलिस कर्मियों ने यात्रा मार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा, ताकि कांवड़ियों को अपनी यात्रा शुरू करने में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।जगह-जगह हुआ भव्य स्वागतघाट से जल भरकर रवाना हुए शिवभक्तों का रास्ते में जगह-जगह स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। कांवड़ियों के आराम और जलपान के लिए मार्ग में विभिन्न सेवा शिविर भी लगाए गए हैं। पवित्र गंगाजल लेकर रवाना हुए ये श्रद्धालु कुंडेश्वर धाम पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना करेंगे।