मवई बुजुर्ग में नाली जाम से बढ़ी लोगो की आफत, घरों में भरा पानी, कई मकान गिरने की कगार पर

जनपद बांदा।

बांदा शहर मुख्यालय से सटे ग्राम मवई बुजुर्ग में नाली जाम होने से दर्जनों घरों में पानी भर गया है। जलभराव के कारण कई कच्चे-पक्के मकान गिरने की कगार पर पहुंच गए हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि पेट्रोल पंप के पास जल संसाधन विभाग द्वारा पाइप लाइन डालते समय नाली को खोदकर ऐसे ही छोड़ दिया गया था। मिट्टी और मलबा नाली में भर जाने से पानी की निकासी पूरी तरह बंद हो गई है। निकासी न होने के कारण बरसात और घरों का गंदा पानी सड़कों से होता हुआ लोगों के घरों में घुस गया है। इससे ग्रामीणों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। मकानों की नींव कमजोर होने से उनके ढहने का खतरा भी बढ़ गया है। ग्रामवासियों का कहना है कि समस्या की जानकारी कई बार संबंधित लेखपाल और ग्राम पंचायत सचिव को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि नाली की तत्काल सफाई कराकर पानी की निकासी सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और किसी प्रकार की जनहानि न हो।

Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट