मंडल स्तरीय बैडमिंटन में हार्पर क्लब का रहा दबदबा, नन्हे खिलाड़ियों ने जीते कई खिताब

जनपद बांदा।

महोबा में 1 से 3 अगस्त 2026 तक आयोजित तीन दिवसीय मंडल स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में हार्पर क्लब बैडमिंटन अकादमी, बांदा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न आयु वर्गों में कई खिताब अपने नाम किए। प्रतियोगिता में अकादमी के उभरते खिलाड़ियों ने अपने दमदार खेल से दर्शकों और खेल विशेषज्ञों का ध्यान आकर्षित किया तथा बांदा जिले का नाम रोशन किया।

अंडर-11 बालक एकल वर्ग में हार्पर क्लब का पूरी तरह दबदबा रहा। रियांश त्रिपाठी ने स्वर्ण पदक जीतकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया, जबकि मोहम्मद जुनैद अली उपविजेता और अवनीत तीसरे स्थान पर रहे। अंडर-11 बालक युगल वर्ग में मोहम्मद जुनैद अली और रियांश त्रिपाठी की जोड़ी ने शानदार तालमेल का प्रदर्शन करते हुए खिताब जीता, जबकि शिवांश आर्या और अवनीत की जोड़ी उपविजेता रही।

अंडर-13 बालिका एकल वर्ग में गरिमा बाजपेई ने रजत पदक और अविका पांडे ने कांस्य पदक अपने नाम किया। वहीं अंडर-13 बालिका युगल वर्ग में गरिमा बाजपेई और अंशिका की जोड़ी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य विकास अधिकारी बलराम कुमार ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पदक प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर व्यापार मंडल के अध्यक्ष राम जी गुप्ता, जिला ओलंपिक संघ महोबा के सचिव विकास गुप्ता, वरिष्ठ बैडमिंटन खिलाड़ी रफीक अहमद सहित अनेक गणमान्य अतिथि मौजूद रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में क्रीड़ा अधिकारी संदीप गुप्ता, रऊफ खान, बैडमिंटन कोच कुणाल पाटकर तथा वरिष्ठ खिलाड़ी प्रिंस चौरसिया का विशेष योगदान रहा।

हार्पर क्लब के मुख्य कोच एवं जिला बैडमिंटन एसोसिएशन, बांदा के संयुक्त सचिव मो. अनवर अली ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि नियमित अभ्यास, अनुशासन और समर्पण का ही परिणाम है कि अकादमी के खिलाड़ी लगातार मंडल एवं प्रदेश स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में यही खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी बांदा और उत्तर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

हार्पर क्लब के सचिव मनीष श्रीवास्तव, खेल सचिव रामेंद्र शर्मा, सदस्य नरेंद्र सिंह, राजेश द्विवेदी, जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के उपाध्यक्ष सीरजध्वज सिंह, सचिव काजी जमीर, आयोजन सचिव अरुण अवस्थी, बांदा ओलंपिक एसोसिएशन के सचिव डॉ. इन्द्रवीर सिंह जादौन, मीडिया प्रभारी सुनील सक्सेना तथा अकादमी के पूर्व खिलाड़ी एवं इंटरनेशनल एमिटी स्कूल, बांदा के डायरेक्टर विप्रांश यादव ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।

Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट