जनपद बांदा।
जनसामान्य को एचआईवी-एड्स के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बांदा पैरामेडिकल कॉलेज एवं नर्सिंग स्कूल, तिंदवारा, जनपद बांदा में एचआईवी-एड्स जागरूकता फ्लैश मॉब कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम नर्सिंग स्कूल के सभागार में मुख्य अतिथि उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश पहाड़ी की उपस्थिति में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान नर्सिंग स्कूल के छात्र-छात्राओं ने एक प्रभावशाली लघु नाटिका प्रस्तुत कर एचआईवी वायरस के संक्रमण के कारणों एवं इसके फैलने के तरीकों के बारे में जानकारी दी। इस प्रस्तुति के माध्यम से लोगों को एचआईवी संक्रमण से संबंधित भ्रांतियों को दूर करने तथा बीमारी के प्रति जागरूक और सतर्क रहने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में एड्स विभाग से एचआईवी-एड्स जिला कार्यक्रम प्रबंधक ब्रजेन्द्र कुमार, नर्सिंग स्कूल प्रबंधक मकबूल खान, प्रधानाचार्या मोनालिसा, डॉ. ज़रीना, मुन्नालाल, आमिर हाशमी, वसी मोहम्मद तथा एनजीओ टीआई के कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी छात्र-छात्राओं को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं जागरूकता अभियान में योगदान के लिए पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। उपस्थित अतिथियों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम समाज में स्वास्थ्य संबंधी जानकारी पहुंचाने और लोगों को जिम्मेदार व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर मीडिया से बातचीत करते हुए एचआईवी-एड्स जिला कार्यक्रम प्रबंधक ब्रजेन्द्र कुमार ने बताया कि 12 अगस्त से दो माह का एचआईवी-एड्स जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन को एचआईवी-एड्स के संक्रमण के प्रसार, इससे जुड़े जोखिमों तथा बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही इस बीमारी की रोकथाम की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और समाज के प्रत्येक वर्ग तक सही जानकारी पहुंचाना आवश्यक है।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को एचआईवी-एड्स के प्रति जागरूक बनाना, इससे जुड़ी गलत धारणाओं को दूर करना तथा स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट


