सड़क सुरक्षा को लेकर जिलाधिकारी ने दिए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश

जनपद बांदा।

जिलाधिकारी बाँदा अमित आसेरी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से किए जा रहे सड़क सुधारीकरण, यातायात व्यवस्था, विद्यालय परिवहन वाहनों की सुरक्षा तथा अतिक्रमण हटाने संबंधी कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया कि विद्यालय परिवहन यानों से संबंधित लंबित रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराई जाए। साथ ही विद्यालयों में संचालित वाहनों के चालकों का चरित्र सत्यापन अनिवार्य रूप से कराए जाने तथा वाहन संचालन में निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण की स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि पूर्व में हटाए गए अतिक्रमण का विस्तृत विवरण एवं सूची उपलब्ध कराई जाए, जिसमें यह स्पष्ट हो कि कितने स्थानों से अतिक्रमण हटाया गया, कितने लोगों द्वारा स्वयं अतिक्रमण हटाया गया तथा कितने स्थानों पर पुनः अतिक्रमण किया गया है। उन्होंने पुनः अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण यातायात बाधित न हो तथा चिन्हित स्थानों पर नियमित निगरानी रखी जाए। सड़क सुरक्षा एवं सुगम यातायात व्यवस्था के लिए आवश्यक सड़क सुधारीकरण एवं सुधारात्मक कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण कराया जाए।

जिलाधिकारी ने यूपीडा के अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाँदा क्षेत्र में जहां-जहां सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, उनका पूर्व से समुचित प्लान एवं मैपिंग तैयार कर यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी चिन्हित स्थानों पर कैमरे प्रभावी रूप से संचालित रहें। उन्होंने विशेष रूप से हेलमेट के बिना दोपहिया वाहन चलाने वालों पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए। कैमरों के माध्यम से बिना हेलमेट वाहन चलाते पाए जाने पर वाहन की फोटो/फुटेज संबंधित अधिकारी को उपलब्ध कराते हुए नियमानुसार चालान की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए प्रवर्तन, जागरूकता एवं सड़क सुधार कार्यों में आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके तथा आमजन के लिए सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित हो। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट