वोट बचाओ, देश बचाओ रैली में बांदा के हजारों कांग्रेसियों ने भरी हुंकार, मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग दोहराई

जनपद बांदा।

बांदा जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश दीक्षित के नेतृत्व में जनपद बांदा से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने 01 नवंबर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली में प्रतिभाग किया। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आह्वान पर आयोजित इस रैली में बांदा के हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी करते हुए कथित वोट चोरी के मुद्दे पर अपनी आवाज बुलंद की।

कांग्रेस कार्यकर्ता बस, रेल एवं निजी साधनों से दिल्ली पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने कनॉट प्लेस से रामलीला मैदान तक निकाले गए मार्च में भी शामिल होकर राहुल गांधी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर वोट चोरी के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त इस्तीफा नहीं देते, तब तक यह संघर्ष जारी रहेगा।

रैली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, उत्तर प्रदेश के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम एवं प्रदेश अध्यक्ष व विधायक आराधना मिश्रा (मोना) सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने नेतृत्व किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश दीक्षित सहित राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व ने रैली में शामिल हुए एआईसीसी, पीसीसी, जिला, ब्लॉक, मंडल एवं तहसील स्तर के पदाधिकारियों, पूर्व विधायकों, पूर्व नगरपालिका अध्यक्षों तथा समस्त कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी।

इसके साथ ही पार्टी नेताओं ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से वर्ष 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों में अभी से सक्रिय रूप से जुटने का आह्वान किया। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने और जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने पर जोर दिया।

Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट