चाइल्ड हेल्पलाइन ने की अपील, बच्चे को असुरक्षित स्थान पर छोड़ने के बजाय 1098 या 9451518757 पर दें सूचना
फतेहपुर। थरियांव थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव में शनिवार तड़के करीब तीन बजे एक ग्रामीण के घर के पास नवजात शिशु के रोने की आवाज सुनाई देने पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर डायल 112 और थरियांव पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से नवजात को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 को सूचना दी। सूचना मिलते ही चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम मौके पर पहुंची और नवजात को अपनी सुपुर्दगी में ले लिया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद शिशु को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज चल रहा है। जिला प्रोबेशन अधिकारी के निर्देशन में शिशु के स्वस्थ होने पर उसे बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। इसके बाद नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
चाइल्ड हेल्पलाइन ने की अपील
चाइल्ड हेल्पलाइन की जिला समन्वयक नीरू पाठक ने फतेहपुरवासियों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति किसी परिस्थिति में बच्चे का पालन-पोषण करने में असमर्थ है या उसे सुरक्षित जीवन और पहचान देने में कठिनाई महसूस कर रहा है, तो बच्चे को कूड़े, झाड़ियों अथवा किसी सुनसान स्थान पर छोड़ने के बजाय तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन से संपर्क करे। उन्होंने कहा कि हर बच्चे को सुरक्षित जीवन और संरक्षण पाने का अधिकार है। ऐसी परिस्थितियों में चाइल्ड हेल्पलाइन के नंबर 1098 या मोबाइल नंबर 9451518757 पर सूचना दी जा सकती है। सूचना देने वाले की जानकारी नियमानुसार गोपनीय रखी जाएगी। समय पर दी गई एक छोटी-सी सूचना किसी मासूम को सुरक्षित जीवन देने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।


