सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा के तहत विद्यालय में लगी ‘ट्रैफिक की पाठशाला’

नाबालिग बच्चों को वाहन की चाबी न दें, माता-पिता अपनी जिम्मेदारी निभाएं : नदीम उद्दीन

फतेहपुर। शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता “सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा” के तहत फतेहपुर को सड़क दुर्घटनामुक्त बनाने के उद्देश्य से त्रिवेणी संगम हाईवेज की ओर से कम्पोजिट विद्यालय इजूरा बुजुर्ग में ‘ट्रैफिक की पाठशाला’ का आयोजन किया गया।
जिलाधिकारी श्रीमती निधि गुप्ता वत्स एवं पुलिस अधीक्षक श्री अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम में ग्राम पंचायत इजूरा बुजुर्ग के प्रशासक नदीम उद्दीन की मौजूदगी रही। राजस्थान सरकार द्वारा सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित सीएसआर मैनेजर फिरोज खान ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी दी तथा सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई।
इस दौरान विद्यार्थियों को हेलमेट व सीट बेल्ट का प्रयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने सहित सुरक्षित यातायात के नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
प्रशासक नदीम उद्दीन ने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। माता-पिता को विशेष रूप से ध्यान रखना चाहिए कि नाबालिग बच्चों को वाहन की चाबी न दें और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करें। विद्यार्थियों के माध्यम से सड़क सुरक्षा का संदेश घर-घर तक पहुंचाया जा सकता है।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्य अरविंद कुमार, शीलम पाल, इफ्तेखार अहमद, आशीष प्रताप सिंह, राजीव कुमार कुशवाहा, धर्मेंद्र कुमार, महेश चंद्र सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।