धोखाधड़ी का शिकार होने वाले पीड़ितो के खाते में कुल ₹2,86,255 की धनराशि कराई गई वापस

जनपद बांदा।

पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल के निर्देशन में साइबर क्राइम पुलिस थाना बांदा टीम द्वारा साइबर धोखाधड़ी के विभिन्न मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही करते हुए पीड़ितों की कुल ₹2,86,255 (दो लाख छियासी हजार दो सौ पचपन रुपये) की धनराशि वापस कराई गई। साइबर ठगी के मामलों में पीड़ितों की धनराशि वापस कराए जाने के संबंध में पुलिस अधीक्षक बांदा द्वारा साइबर क्राइम पुलिस थाना टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए थे, जिसके क्रम में टीम द्वारा तत्परता से कार्यवाही की गई। पुलिस की जानकारी के अनुसार थाना बिसण्डा क्षेत्र निवासी हरिकृष्ण गुप्ता के खाते से UPI के माध्यम से अनाधिकृत रूप से ₹89,999 का लेनदेन हो गया था, जिनकी पूरी ₹89,999 धनराशि वापस कराई गई। इसी क्रम में थाना कोतवाली नगर क्षेत्र निवासी आदर्श मिश्रा के क्रेडिट कार्ड से एक लिंक के माध्यम से ₹1,00,068 की धनराशि कट गई थी, जिसे साइबर क्राइम पुलिस टीम द्वारा कार्यवाही करते हुए पूरी ₹1,00,068 धनराशि वापस कराई गई। वहीं थाना कोतवाली नगर क्षेत्र निवासी मुकेश कुमार के मोबाइल में APK फाइल डाउनलोड करने के बाद उनके खाते से ₹1,68,000 की धनराशि कट गई थी, जिसमें से साइबर क्राइम पुलिस थाना टीम द्वारा ₹96,188 की धनराशि वापस कराई गई। इस प्रकार तीनों मामलों में कुल ₹2,86,255 की साइबर ठगी की धनराशि पीड़ितों को वापस कराई गई। धनराशि वापस मिलने पर सभी पीड़ितों द्वारा थाना साइबर क्राइम पुलिस टीम बांदा का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद किया गया।

बांदा पुलिस द्वारा आमजन से अपील की गई है कि किसी भी अनजान लिंक, APK फाइल, संदिग्ध कॉल या मैसेज पर भरोसा न करें और अपनी बैंकिंग/UPI संबंधी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें । साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं। वापस करायी गई कुल धनराशि 03 पीड़ितो के कुल 2,86,255 रुपए रही। इस दौरान पुलिस टीम में सुखराम सिंह प्र०नि० थाना साइबर क्राइम पुलिस, उ०नि० प्रदीप कुमार सिंह, कां० राजीव कुमार, कां० हिमांशु वर्मा, कां० ललित कुमार, कां० राजेन्द्र परिहार, म०कां० ज्योति उपाध्याय मौजूद रहे।

Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट