सम्पूर्ण समाधान दिवस में 77 शिकायतों में से 08 का मौके पर निस्तारण

जनपद बांदा।

बाँदा जिलाधिकारी अमित आसेरी की अध्यक्षता में शनिवार को तहसील सदर, बाँदा में “सम्पूर्ण समाधान दिवस” का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल सहित जनपद एवं तहसील स्तरीय प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। सम्पूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याओं को सुना गया। अधिकारियों को शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए। बैठक में कुल 77 प्रकरण प्राप्त हुए। इनमें से 08 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष 69 प्रकरणों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित किया गया।

जिलाधिकारी अमित आसेरी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी विभागीय अधिकारी शिकायतकर्ता से संवाद स्थापित करते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें।

पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों की सुनवाई करते हुए निर्देश दिए कि सभी मामलों में निष्पक्ष जांच कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाए। उन्होंने कानून- व्यवस्था एवं जनसुरक्षा से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सम्पूर्ण समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस, विकास, पंचायत, विद्युत, जल संस्थान, नगर निकाय, समाज कल्याण सहित अन्य विभागों के जिला स्तरीय एवं तहसील स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Crime 24 Hours / Mitesh Kumar