जनपद बांदा।
बांदा जनपद के कस्बा कमासिन में घर-घर शुद्ध पेयजल पहुंचाने के लिए जल जीवन मिशन के अंतर्गत पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों की अब तक मरम्मत न होने से ग्रामीणों में आक्रोश है। खोदी गई सड़कें कीचड़ और दलदल में तब्दील हो गई हैं, जिससे लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि कई मार्गों पर पैदल चलना भी जोखिम भरा हो गया है। ग्रामीणों के अनुसार उत्तर प्रदेश जल निगम ग्रामीण के निर्देश पर एलएनटी कंपनी द्वारा पाइपलाइन डालने के लिए कस्बे की कई सड़कों को खोदा गया था। इनमें मुख्य से मार्ग सिंह द्वार से बालाजी मंदिर,होते हुए बडगइयां मोहाल, निधाई तालाब के पास से मुक्तिधाम जाने वाला मार्ग, तथा हरिजन बस्ती विद्यालय से बलराम त्रिपाठी के घर के सामने से बारी मोहल्ला होते हुए मुस्लिम बस्ती तक करीब एक किलोमीटर से अधिक लंबा मार्ग शामिल है।

इसी तरह साहू बस्ती से अरुण मिश्रा के घर तक, थान बाबा के पास से संतोष यादव पासी मोहाल जाने वाला रास्ता, सब्जी मंडी जाने वाला मार्ग तथा रामकुमार गुप्ता के घर के सामने से पासी मोहल्ला, नंदकिशोर उपाध्याय के घर के सामने से देवमुनि त्रिपाठी शिक्षक कॉलोनी जाने वाले रास्ते की हालत भी खराब है। इन मार्गों से स्कूल जाने वाली छात्राओं और राहगीरों को कीचड़ से होकर गुजरना पड़ रहा है। कस्बे में संतोष सौदागर के घर से सेवानिवृत्त शिक्षक रमेश यादव और परमानंद तिवारी के घर जाने वाला रास्ता भी खुला पड़ा है। जलभराव के कारण यहां लोगों को परेशानी हो रही है और संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बनी हुई है। कस्बावासियों ने जल जीवन मिशन के तहत खोदी गई सभी चिन्हित सड़कों की एलएनटी कंपनी से शीघ्र मरम्मत कराकर आवागमन सुचारु कराने की मांग की है।
Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट


