जनपद बांदा।
बांदा जनपद के कमासिन क्षेत्र में पिछले करीब 10 दिनों से दिन-रात रुक-रुककर हो रही तेज बारिश और बिजली की चमक से जनजीवन प्रभावित है। लगातार बारिश के चलते विकासखंड कमासिन की ग्राम पंचायत तेलौसा में नाले की सफाई न होने से जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। बारिश का पानी नाले से ओवरफ्लो होकर बस्ती के घरों में घुस गया, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समस्या से परेशान ग्रामीणों ने खंड विकास अधिकारी कमासिन ओम प्रकाश द्विवेदी को ज्ञापन सौंपकर मौके का निरीक्षण कराने तथा तत्काल नाले की सफाई कराने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि गांव का मुख्य नाला लंबे समय से साफ नहीं कराया गया है। तेज बारिश के बाद नाले का पानी आम रास्तों पर भर गया और घरों तक पहुंच गया।
ग्रामीणों ने बताया कि जलभराव के कारण गांव की गलियों और रास्तों पर आवागमन मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों के अनुसार एक ई-रिक्शा भी जलभराव के कारण पलट गया, जिससे बड़ी दुर्घटना होते-होते बची। पानी भरने के कारण ग्रामीणों को घरों में रहने को मजबूर होना पड़ रहा है, वहीं बच्चों को भी स्कूल जाने में परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द नाले की सफाई कराकर जलभराव की समस्या से स्थायी निजात दिलाने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में प्रदीप यादव, शिवमोहन, महेश यादव, विजय कुमार, अरुण कुमार, अखिलेश, चुंका, सुरेश, जागेश्वर, मोहन, बुद्ध विलास, आनंद राजपूत, बिंदा, सर्वेश सहित अन्य ग्रामीण शामिल रहे। खंड विकास अधिकारी ओम प्रकाश द्विवेदी ने ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए मौके का निरीक्षण किया और जल्द नाला सफाई कराने का आश्वासन दिया।
Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट


