जनपद बांदा।
बांदा के कमासिन में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अंतर्गत पीएमश्री कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय ममसी खुर्द में बालिका दिवस कार्यक्रम के प्रथम दिवस विभिन्न कौशल आधारित गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए मिट्टी के खिलौने बनाने तथा मेहंदी कला का प्रदर्शन किया। विद्यालय में आयोजित गतिविधियों का उद्देश्य बच्चों को स्कूली शिक्षा के साथ समाज की मुख्यधारा से जोड़ना तथा उनमें विभिन्न प्रकार के व्यावसायिक एवं जीवनोपयोगी कौशल विकसित करना है। इसके साथ ही विद्यार्थियों को श्रम की महत्ता, भारतीय हस्तशिल्प एवं पारंपरिक कलाओं के प्रति जागरूक करने की दिशा में भी यह पहल की गई। शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शनिवार को विद्यालय में अलग- अलग कौशल आधारित गतिविधियों का आयोजन कराया जाना है। इसी क्रम में प्रथम दिवस बालिकाओं ने एक-दूसरे के हाथों पर आकर्षक मेहंदी लगाकर अपनी कला का प्रदर्शन किया, जबकि छात्रों ने मिट्टी से विभिन्न प्रकार के खिलौने बनाकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा दिखाई। गतिविधियों ने बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रदीप कुमार बाथम के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में जावेन्द्र कुमार, अवधेश कुमार, ओम प्रकाश सहायक अध्यापक, सौरभ सिंह अनुदेशक, सोनू देवी एवं शिव शंकर एजुकेटर की सहभागिता रही। विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट


