गणेश शंकर विद्यार्थी मेडिकल कॉलेज, कानपुर परिसर में गंगा समग्र का आयोजन; जल-स्रोतों और छोटी नदियों के संरक्षण में किए गए कार्यों का उल्लेख
फतेहपुर खागा ::- कानपुर स्थित गणेश शंकर विद्यार्थी मेडिकल कॉलेज के ऐतिहासिक परिसर में गंगा समग्र, कानपुर प्रांत की ओर से ‘गंगा रत्न सम्मान 2026’ समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, जल-स्रोतों और नदियों के संरक्षण से जुड़े कार्यों के लिए पर्यावरण पहरुआ प्रवीण पांडेय को ‘गंगा रत्न सम्मान 2026’ से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में गंगा समग्र के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरेंद्र सिंह , संघ परिवार के वरिष्ठ प्रचारक रामाशीष जी और प्रांत संघचालक भवानी भीक जी ने प्रवीण पांडेय को सम्मान प्रदान किया।
पर्यावरण एवं जल संरक्षण के क्षेत्र में प्रवीण पांडेय की गतिविधियां जल-स्रोतों और नदियों से जुड़ी रही हैं। वर्ष 2024 में प्रकाशित उनकी पुस्तक ‘जलनिधियों को जीने दो’ को राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम पुरस्कार मिल चुका है। उनके शोध एवं नदी संरक्षण से संबंधित कार्यों पर आधारित ‘यमुना की सहेलियों की पीड़ा’ पर भी प्रकाशन किया जा चुका है।
पांडेय ने अब तक 120 से अधिक तालाबों को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए अभियान चलाए हैं। इसके अलावा छोटी नदियों और जलधाराओं के संरक्षण को लेकर उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में पदयात्राएं भी की हैं। इनमें यमुना, ससुर खदेरी, नोन, रिंद, मंदाकिनी और पांडु सहित अन्य नदियां शामिल हैं।
सम्मान ग्रहण करने के बाद प्रवीण पांडेय ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए जिम्मेदारी का विषय है। उन्होंने कहा कि नदियों, तालाबों और अन्य जल-स्रोतों के संरक्षण के लिए जनभागीदारी के साथ लगातार काम करने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने जल संरक्षण, वृक्षारोपण और पर्यावरण संतुलन पर चर्चा की। उन्होंने नदियों के संरक्षण में समाज की भागीदारी को आवश्यक बताया।
इस अवसर पर कानपुर प्रांत के पर्यावरण कार्यकर्ता, समाजसेवी, प्रबुद्ध नागरिक और गंगा समग्र से जुड़े कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


