आजाद क्रांति पार्टी की परिवर्तन एवं संकल्प महारैली हुई संपन्न

जनपद बांदा।

बांदा में रविवार 3 मई 2026 को बुंदेलखंड की वीर धरा बाँदा के जीआईसी ग्राउंड में आज़ाद क्रांति पार्टी की परिवर्तन एवं संकल्प महारैली सम्पन्न हुई। इस ऐतिहासिक जनसंकल्प महारैली में हजारों की संख्या में उमड़े जनसैलाब ने यह सिद्ध कर दिया कि बुंदेलखंड की जनता अब चुप बैठने को तैयार नहीं है।

पार्टी के राष्ट्रीय संरक्षक आनंद सागर खरे एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष वीर सिंह खंगार के आह्वान पर बाँदा एवं आसपास के जिलों से पहुँचे किसानों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि –

“अब झूठे वादे नहीं — हमें रोजगार चाहिए, सम्मान चाहिए और अपना हक चाहिए।”

रैली की मुख्य बातें: पार्टी के वक्ताओं ने बुंदेलखंड की दशकों पुरानी उपेक्षा, किसानों की बदहाली, युवाओं की बेरोजगारी और बेलगाम माफिया राज पर सत्ता पक्ष को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा, जिस धरती ने वीर पैदा किए, उस धरती का किसान आज कर्ज और कुशासन की फांसी में क्यों झूल रहा है? बाँदा को वोट बैंक नहीं, विकास का केंद्र बनाना हमारा लक्ष्य है। वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि यह केवल एक रैली नहीं, बल्कि बुंदेलखंड के स्वाभिमान की नई क्रांति का आगाज़ है।

 

पार्टी के 13 सूत्रीय जनसंकल्प:

 

1. स्थानीय रोजगार: बुंदेलखंड के खनिज और प्राकृतिक संसाधनों का लाभ स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता से मिले। बाहरी ठेकेदारों की लूट बंद हो।

2. कृषि एवं सिंचाई: हर किसान के खेत तक पानी पहुँचे। फसल नुकसान का मुआवजा 30 दिनों में सीधे खाते में।

3. शिक्षा एवं स्वास्थ्य: हर ब्लॉक में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित हों।

4. अपराध मुक्त बुंदेलखंड: माफिया राज खत्म हो, फास्ट ट्रैक न्याय प्रणाली लागू हो।

5. पृथक बुंदेलखंड राज्य: स्थानीय शासन से ही समस्याओं का स्थायी समाधान संभव।

6. औद्योगिक पुनरुद्धार: बंद मिलों की जगह उद्योग स्थापित कर रोजगार सृजन।

7. नारी सुरक्षा: “आज़ाद रक्षक दल” का गठन कर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित।

8. भर्ती एवं कोटा: स्थानीय युवाओं के लिए विशेष भर्ती और बुंदेलखंड रेजिमेंट की स्थापना।

9. हर घर 5G इंटरनेट: डिजिटल सुविधा और गरीब परिवारों को इंटरनेट भत्ता।

10. ग्राम स्तर स्वास्थ्य सुविधा: हर ग्राम सभा में प्राथमिक चिकित्सालय और एंबुलेंस।

11. निःशुल्क बीमा: एकल आय वाले परिवारों के लिए मुफ्त जीवन बीमा।

12. ग्राम सुरक्षा समिति: गांव स्तर पर सुरक्षा और अपराध नियंत्रण।

13. मुआवजा गारंटी: प्राकृतिक आपदा में 30 दिन में सीधा भुगतान।

नेतृत्व के संबोधन से: हम जाति की राजनीति नहीं, जनक्रांति करने आए हैं। हम डरेंगे नहीं, हम बिकेंगे नहीं।

नारे: अब की बार — माफिया पार, बाँदा का मान — आज़ाद क्रांति का निशान

इस महारैली को राष्ट्रीय संरक्षक आनंद सागर खरे, राष्ट्रीय अध्यक्ष वीर सिंह खंगार, राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष सृष्टि मिधा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम किशोर बाल, राष्ट्रीय प्रवक्ता राज करण सिंह, संगठन मंत्री देव सिंह मिधा, प्रदेश अध्यक्ष राजीव श्रीवास्तव सहित अनेक वरिष्ठ नेताओं ने संबोधित किया।

Crime 24 Hours / Mitesh Kumar