जनपद बांदा।
शहर के पं. जेएन डिग्री कॉलेज मैदान में आयोजित पांच दिवसीय श्रीभक्त चरित्र कथा का बुधवार को भव्य कलश यात्रा के साथ शुभारंभ हो गया। संस्कार संस्कृति सेवा संस्थान के तत्वावधान में आयोजित कथा में प्रख्यात कथावाचक पं. इंद्रेश जी महाराज 26 से 30 नवंबर तक श्रद्धालुओं को कथा का रसपान कराएंगे।

कलश यात्रा अलीगंज स्थित गणेश भवन रामलीला मैदान से शुरू होकर बाबूलाल चौराहा, कैथी बाजार, चौक बाजार, महेश्वरी देवी मंदिर, स्टेशन रोड, नया ओवरब्रिज और महाराणा प्रताप चौराहा होते हुए कथा स्थल पहुंची। यात्रा में हजारों महिला-पुरुष पीले वस्त्र धारण कर कलश लेकर शामिल हुए। देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां, घोड़े, हाथी, ऊंट और संत-महात्माओं से सजे रथ शोभायात्रा का आकर्षण रहे। जगह- जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।

शोभायात्रा में सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी, एमएलसी जितेंद्र सिंह सेंगर, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सरिता द्विवेदी, भाजपा जिलाध्यक्ष कल्लू सिंह राजपूत सहित जनप्रतिनिधि शामिल रहे। कथा आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण करने की अपील की।
Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट


