जनपद बांदा।
पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल के निर्देशन व अपर पुलिस अधीक्षक बांदा शिवराज के नेतृत्व में चलाये जा रहे अभियान “ऑपरेशन मुस्कान” के क्रम में शनिवार दिनांक 21.11.2026 को डायल 112 की पुलिस टीम द्वारा गुम/भटके हुए 04 वर्षीय बच्चे के परिजनों का 01 घण्टे के भीतर पता लगाकर सकुशल सुपुर्द किया गया है। पुलिस के अनुसार दिनांक 21.11.2026 को डायल 112 पर एक राहगीर द्वारा सूचना दी गई कि एक बच्चा रास्ते में अकेला भटक रहा है तथा उसे अपने घर एवं परिजनों के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं है। सूचना प्राप्त होते ही पीआरवी 9497 पर तैनात कमांडर रोहित कुमार एवं चालक अभिषेक कुमार द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर बच्चे को अपने संरक्षण में लिया गया। पीआरवी कर्मियों द्वारा तत्काल बच्चे से प्रेमपूर्वक एवं संवेदनशीलता के साथ बातचीत करने का प्रयास किया गया। तत्पश्चात पुलिस कर्मियों द्वारा सूझबूझ, तत्परता एवं अथक प्रयास करते हुए बच्चे के परिजनों की तलाश की गई। काफी प्रयासों के बाद बच्चे के परिजनों का पता लगाकर उनसे संपर्क स्थापित किया गया तथा उन्हें मौके पर बुलाया गया।परिजनों के मौके पर पहुंचने पर आवश्यक पहचान एवं तस्दीक की गई। इसके उपरांत बच्चे को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। काफी समय से अपने बच्चे को लेकर परेशान परिजनों ने बच्चे को सकुशल अपने बीच पाकर राहत की सांस ली तथा पीआरवी कर्मियों का हृदय से आभार व्यक्त किया।
Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट


