जनपद बांदा।
बांदा जनपद के नरैनी विधानसभा क्षेत्र में सियासी हलचल तेज होती नजर आ रही है। समाजवादी पार्टी के नेता एवं नरैनी विधानसभा के प्रत्याशी दिनेश कुमार अनुरागी ने गुरुवार को विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों और कस्बों में ताबड़तोड़ जनसंपर्क कर अपनी सक्रियता का संदेश दिया। नरैनी, सढ़ा, रक्सी, आनंदपुर, कल्याणपुर, रक्सा, फतेहगंज और बदौसा क्षेत्र में भ्रमण के दौरान उन्होंने ग्रामीणों, युवाओं और स्थानीय लोगों से सीधा संवाद किया। जनसंपर्क के दौरान जगह-जगह लोगों ने दिनेश अनुरागी से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया। समर्थकों ने उनका स्वागत किया और आगामी राजनीतिक संघर्ष में साथ खड़े रहने का भरोसा जताया। गांवों में लगातार हो रहे इस जनसंपर्क को विधानसभा क्षेत्र में सपा की जमीनी सक्रियता बढ़ाने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।
फतेहगंज में आयोजित बैठक में खासा उत्साह दिखाई दिया। रमेश यादव, भागवत गुप्ता, कमलेश पटेल और राजकुमार विश्वकर्मा समेत तीन दर्जन से अधिक लोग बैठक में मौजूद रहे।
बैठक में क्षेत्र की राजनीतिक परिस्थितियों, संगठन की मजबूती और गांव-गांव जनसंपर्क को लेकर विचार-विमर्श हुआ। दिनेश कुमार अनुरागी ने कहा कि राजनीति केवल मंचों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि जनता के बीच जाकर उनकी आवाज सुनना और समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करना ही वास्तविक जनसेवा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक पहुंच मजबूत करने और प्रत्येक गांव में लोगों से सीधे संवाद करने का आह्वान किया। लगातार गांवों में पहुंच रहे दिनेश अनुरागी के जनसंपर्क अभियान से नरैनी विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। आने वाले दिनों में यह अभियान किस तरह चुनावी समीकरणों को प्रभावित करता है, इस पर क्षेत्र की राजनीतिक निगाहें टिकी हैं।
Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट


