नाबालिग लड़की को बहला फुसलाकर बाइक से भगा ले गया युवकजाँच में जुटी पुलिस

फतेहपुर ::- धाता क्षेत्र के एक गांव से 15 वर्षीय किशोरी को बाइक से बहला-फुसलाकर ले जाने का मामला सामने आया है। किशोरी के पिता की तहरीर पर खागा कोतवाली पुलिस ने नामजद युवक समेत एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, किशोरी के पिता ने बताया कि 23 सितंबर को दोपहर करीब दो बजे उनकी 15 वर्षीय बेटी घर से बाहर थी। आरोप है कि शनि पासवान निवासी पौली उसे मोटरसाइकिल से बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। परिजनों को जब किशोरी के घर पर नहीं होने की जानकारी हुई तो उन्होंने उसकी तलाश शुरू की।

तहरीर के मुताबिक, देर शाम परिजनों को किशोरी के खागा चौराहे के पास होने की जानकारी मिली। इसके बाद परिजन वहां पहुंचे और किशोरी को घर लेकर आए। घर पहुंचने पर किशोरी ने परिजनों को बताया कि शनि पासवान उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। आरोप है कि एक अज्ञात युवक ने भी इस मामले में उसका सहयोग किया।

किशोरी के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर घटना की जानकारी दी और बेटी का चिकित्सकीय परीक्षण कराते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस ने किशोरी का चिकित्सकीय परीक्षण कराया है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।