रिपो-सुनील प्रजापति ऐंधा
जालौन जनपद के उरई स्थित विकास भवन सभागार में आज शिक्षामित्र सम्मान एवं बढ़े हुए मानदेय वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले भर के शिक्षामित्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. घनश्याम अनुरागी जिला पंचायत अध्यक्ष,उपस्थित रहे। उनके साथ विशिष्ट अतिथियों में मूलचरण निरंजन, विधायक माधौवगढ़ गौरी शंकर वर्मा सदर विधायक उरई तथा विनोद चतुर्वेदी विधायक कालपी भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों की भी महत्वपूर्ण भागीदारी रही, जिनमें राजेश कुमार पांडे, जिलाधिकारी उरई कुमेंद्र कलाकर सिंह मुख्य विकास अधिकारी तथा चंद्र प्रकाश जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षामित्रों के मानदेय में की गई बढ़ोतरी को लेकर विशेष चर्चा हुई। पहले जहां शिक्षामित्रों को ₹10,000 प्रतिमाह मानदेय मिलता था, वहीं अप्रैल 2026 से इसे बढ़ाकर ₹18,000 कर दिया गया है। इस निर्णय से प्रदेश के लगभग 1,43,000 शिक्षामित्रों को सीधा लाभ मिला है। कार्यक्रम के दौरान शिक्षामित्रों को सम्मानित किया गया और प्रतीकात्मक रूप से बढ़े हुए मानदेय की चेक वितरण भी किया गयी।
मुख्य अतिथि डॉ. घनश्याम अनुरागी ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षामित्र शिक्षा व्यवस्था की रीढ़ हैं और उनका योगदान अमूल्य है। उन्होंने सरकार के इस निर्णय को शिक्षामित्रों के सम्मान और उनके भविष्य को मजबूत करने वाला बताया। वहीं अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी शिक्षामित्रों के कार्यों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
गौरतलब है कि इसी उपलक्ष्य में आज उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिससे शिक्षामित्रों में खुशी और उत्साह का माहौल देखा गया।


