जनपद बांदा।
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार युवाओं को मिशन रोजगार के तहत लगातार रोजगार मेलों का आयोजन कराकर नौकरी दिलाने का काम कर रही है और सरकार के नेतृत्व में बांदा के युवाओं को लगातार रोजगार के बड़े अवसर मिल रहे हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय परिसर में ‘मिशन रोजगार’ के अंतर्गत एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इस मेले में कई नामी कंपनियों ने युवाओं का सीधे नौकरी के लिए चयन किया।
हजारों युवाओं को मिल रही नौकरी की सौगात:
योगी सरकार में बेरोजगार युवाओं को नौकरियों की बड़ी सौगात मिल रही है। सेवायोजन निदेशालय, उत्तर प्रदेश के निर्देशों पर बांदा में आयोजित इस मेले में जनपद और आस-पास के सैकड़ों युवाओं ने हिस्सा लिया। मेले में उत्तर प्रदेश के साथ-साथ राज्य के बाहर की प्रसिद्ध कंपनियों ने युवाओं को रोजगार देने के लिए अपने काउंटर लगाए थे। इनमें मुख्य रूप से एस०आई०एस०, आमधन-ई प्राइवेट लिमिटेड और ब्राइट फ्यूचर प्राइवेट लिमिटेड जैसी बड़ी कंपनियां शामिल रहीं।
165 ने दिया इंटरव्यू, 102 को मिला जॉइनिंग लेटर:
जिला सेवायोजन अधिकारी मोहित जायसवाल ने बताया कि इस एक दिवसीय रोजगार मेले को लेकर युवाओं में भारी उत्साह देखा गया। मेले में लगभग 165 बेरोजगार अभ्यर्थियों ने अपना पंजीकरण कराया और कंपनियों के प्रतिनिधियों के सामने साक्षात्कार दिया। कड़ी चयन प्रक्रिया और योग्यता के आधार पर कंपनियों ने विभिन्न पदों के लिए मौके पर ही 102 बेरोजगार अभ्यर्थियों का अंतिम रूप से चयन कर लिया। नौकरी पाते ही युवाओं के चेहरे खिल उठे।
युवाओं ने जताया योगी सरकार का आभार:
रोजगार मेले में चयनित हुए युवाओं ने योगी सरकार की जमकर सराहना की। युवाओं का कहना है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों से अब नौकरी के लिए बड़े शहरों के चक्कर नहीं काटने पड़ रहे हैं। बल्कि कंपनियां खुद उनके गृह जनपद में आकर रोजगार दे रही हैं। क्षेत्रीय जिला सेवायोजन अधिकारी मोहित जायसवाल ने बताया कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए भविष्य में भी ऐसे रोजगार मेलों का आयोजन लगातार जारी रहेगा।
Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट


