खखरेरू/फतेहपुर ::- थाना क्षेत्र के बिछियावां चेक पोस्ट के पास शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर विद्युत पोल से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार 15 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार किशनपुर थाना क्षेत्र के किशनपुर कस्बा निवासी अविरल सोनकर (15) पुत्र गोविंद सोनकर अपने ननिहाल में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के लिए 9 मार्च को कनवार गांव आया हुआ था। शादी समारोह समाप्त होने के बाद शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे वह अपनी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (नंबर UP71F9961) से वापस अपने घर किशनपुर के लिए निकला था।
बताया जाता है कि जैसे ही वह बिछियावां मोड़ चेक पोस्ट के पास पहुंचा, तभी तेज रफ्तार होने के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे विद्युत पोल से जा टकराई। युवक ने हेलमेट नहीं पहना था, जिसके कारण उसका सिर सीधे पोल से टकरा गया और सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के समय आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक युवक दम तोड़ चुका था। ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।
मृतक अपने भाई-बहनों में सबसे बड़ा था और किशनपुर के एक स्थानीय इंटर कॉलेज में कक्षा 8 का छात्र बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और घर में मातम छा गया।
इस संबंध में थाना प्रभारी विद्या प्रकाश सिंह ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।



