धाता– नगर पंचायत धाता कस्बे के शुक्लाना टोला में श्री कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित दस दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम का समापन भगवान श्री कृष्ण की भव्य विसर्जन यात्रा के साथ हुआ। विसर्जन यात्रा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा रास्ता अबीर-गुलाल से सराबोर नजर आया।
शुक्लाना टोला में जन्माष्टमी के दिन भगवान श्री कृष्ण की मूर्ति स्थापित की गई थी। करीब दस दिनों तक प्रतिदिन शाम को भव्य आरती, भजन-कीर्तन एवं विभिन्न धार्मिक झांकियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान आयोजित भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
बीते दिन सुबह की आरती के बाद गाजे-बाजे के साथ भगवान श्री कृष्ण की मूर्ति को ट्रैक्टर पर विराजमान कर भव्य विसर्जन यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में माताएं-बहनें, बच्चे और श्रद्धालु शामिल हुए। श्रद्धालु नाचते-गाते और जय श्री कृष्ण के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। इस दौरान जमकर अबीर-गुलाल उड़ाया गया, जिससे पूरा रास्ता गुलाल के रंग में रंग गया।
भव्य भ्रमण के बाद श्रद्धालुओं ने भगवान श्री कृष्ण की प्रतिमा को कस्बे की नहर में विधि-विधान से विसर्जित किया। विसर्जन यात्रा के दौरान पूरे कस्बे में भक्तिमय माहौल बना रहा।


