फतेहपुर खागा ::- नगर के सरस्वती विद्या मन्दिर इंटर कॉलेज परिसर में रविवार शाम राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वावधान में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं के साथ संवाद स्थापित करते हुए उनमे राष्ट्र निर्माण की भावना का संचार किया गया।इस कार्यक्रम में आए सैकड़ों युवाओं और स्वयंसेवकों ने राष्ट्र सेवा का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान व समापन वंदे मातरम् से हुआ
मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित सह प्रांत प्रचारक मुनीश ने भारतीय इतिहास के अनेक गौरवशाली प्रसंगों और अनकहे ऐतिहासिक तथ्यों का जीवंत उदाहरण देते हुए युवाओं को संबोधित किया।
अपने संबोधन में सह प्रांत प्रचारक मुनीश ने कहा कि आज हम जिस खुली हवा में सांस ले रहे हैं, उसके पीछे मां भारती की स्वतंत्रता और अस्मिता की रक्षा के लिए दिए गए अनगिनत बलिदान और लंबी लड़ाइयां हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने इतिहास को भली-भांति समझें और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने युवाओं को अपने चरित्र निर्माण के साथ-साथ समाज को संगठित रखने का भी संदेश दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सृजन अस्पताल के संचालक डॉ एस एन शुक्ल और मातृ शक्ति के रूप में मुख्य अतिथि सुषमा जी ने भी युवाओं का मार्गदर्शन किया। अपने संबोधन में वर्तमान समय में युवाओं की भूमिका, नैतिक मूल्यों के पतन को रोकने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की। रानी लक्ष्मी बाई, स्वामी विवेकानंद, महाराणा प्रताप, महाराज शिवा जी आदि महापुरुषों का उदाहरण देते हुए उन्होंने युवाओं को राष्ट्र के लिए कार्य करने के लिए प्रेरित किया। वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि युवा शक्ति ही देश का वास्तविक भविष्य है, जिसे सही दिशा मिलने पर भारत पुनः विश्व गुरु के पद पर आसीन होगा।
समारोह का संचालन अंबिका प्रसाद मिश्र ने किया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित स्वयंसेवकों और युवाओं को राष्ट्रहित सर्वोपरि रखने, भारतीय संस्कृति के संवर्धन और समाजोत्थान के कार्यों में सहभागिता निभाने का आह्वान किया गया। युवाओं के साथ प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया। इस अवसर पर कृष्ण स्वरूप, यीश नारायण,राम अभिलाष, जिला प्रचारक मोहित नारायण,नगर प्रचारक पुष्पमित्र, अक्षत त्रिपाठी, रामबाबू, यश, हर्ष, नगर समेत अनेक पदाधिकारी व सैकड़ो स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के तत्वावधान ने युवा संवाद कार्यक्रम हुवा सकुशल संपन्न


