फतेहपुर ::- फतेहपुर जिले के खागा नगर पंचायत क्षेत्र की रहने वाली सरोज देवी ने एक निजी अस्पताल लाइफ केयर के संचालक और चिकित्सक पर इलाज में लापरवाही तथा गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।शिकायती पत्र के अनुसार, सरोज देवी के पति अमर सिंह की तबीयत खराब होने पर 4 जुलाई 2026 को उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में एक निजी अस्पताल के संचालक रवि त्रिवेदी ने उन्हें अपने अस्पताल में बेहतर और कम खर्च में इलाज का भरोसा देकर भर्ती करा लिया। अस्पताल में जांच के बाद मरीज को खून चढ़ाने की सलाह दी गई।
पीड़िता का आरोप है कि भर्ती के समय अस्पताल प्रबंधन ने 70 हजार रुपये नकद जमा कराए। इसके बाद खून चढ़ाने के दौरान 28 हजार रुपये और जमा कराए गए। आरोप है कि रक्त चढ़ाने के बाद मरीज की हालत और गंभीर हो गई। इसके बाद अस्पताल संचालक ने मरीज को अपनी गाड़ी से कानपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां बिना परिजनों को पर्याप्त जानकारी दिए वेंटिलेटर पर रखने की बात भी शिकायत में कही गई है।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि बाद में अस्पताल प्रबंधन ने इलाज से हाथ खड़े कर दिए। परिजन मरीज को प्रयागराज के स्वरूप रानी अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई। सरोज देवी का कहना है कि पति की मृत्यु के बाद जब उन्होंने अस्पताल की कार्यशैली पर सवाल उठाए तो उन्हें शिकायत करने पर धमकी भी दी गई।
पीड़िता ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर अस्पताल संचालक और संबंधित चिकित्सक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने तथा न्याय दिलाने की मांग की है।मामले में सीएमओ डॉ यू के सिंह ने बताया कि मामले की जांच कर कार्यवाही की जाएगी।
ब्यूरो रिपोर्ट


