जनपद बांदा।
बांदा में भारतीय किसान यूनियन के तत्वावधान में किसान मजदूर महापंचायत का आयोजन किया गया। तिंदवारी रोड स्थित गल्ला मंडी में आयोजित महापंचायत में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने बुंदेलखंड में किसानों की समस्याओं, फसल नुकसान और कृषि उपज के उचित दाम का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। बांदा की गल्ला मंडी में आयोजित किसान मजदूर महापंचायत में बड़ी संख्या में किसान और संगठन के पदाधिकारी पहुंचे। कार्यक्रम में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने किसानों की समस्याओं को लेकर अपनी बात रखी।

राकेश टिकैत ने कहा कि बुंदेलखंड में किसानों की स्थिति चिंताजनक है। लगातार मौसम की मार से किसानों की फसलों को नुकसान पहुंच रहा है। इस बार हुई बारिश से भी किसानों को काफी नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि जो फसलें बची हैं, किसानों को उनका उचित भाव नहीं मिल पा रहा है। टिकैत ने बुंदेलखंड में जैविक खेती को बढ़ावा देने की जरूरत पर भी जोर दिया। उन्होंने बुंदेलखंड के लिए अलग ऑर्गेनिक बोर्ड बनाने की मांग उठाई। उनका कहना है कि क्षेत्र के किसान जैविक उत्पाद तैयार करें और सरकार इन उत्पादों के लिए बाजार उपलब्ध कराए, ताकि किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिल सके।
उन्होंने बुंदेलखंड को ऑर्गेनिक क्षेत्र के रूप में विकसित करने की भी मांग रखी। टिकैत ने कहा कि जैविक उत्पादों की देश और दुनिया में मांग है, ऐसे में बुंदेलखंड के किसानों को इससे आर्थिक लाभ दिलाया जा सकता है। महापंचायत में भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष अवधेश सिंह पटेल, बैजनाथ अवस्थी समेत संगठन के कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। बांदा की किसान मजदूर महापंचायत में किसानों की समस्याओं के साथ-साथ जैविक खेती को बढ़ावा देने और कृषि उपज का बेहतर बाजार उपलब्ध कराने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट


