बांदा में सिविल डिफेंस एयर रेड / ब्लैक आउट मॉक एक्सरसाइज-2026 का सफल आयोजन

जनपद बांदा।

प्रमुख सचिव, उत्तर प्रदेश शासन, नागरिक सुरक्षा अनुभाग, लखनऊ के अनुपालन में रविवार 22.11.2026 को सायं 06-00 बजे जनपद बाँदा में सिविल डिफेंस एयर रेड / ब्लैक आउट मॉक एक्सरसाइज-2026 का सफल आयोजन किया गया। मॉक ड्रिल के दौरान सायं 06-00 बजे हवाई हमले की चेतावनी हेतु दो मिनट तक ऊँची-नीची आवाज में सायरन ध्वनित किया गया। सायरन बजते ही चिकित्सालय परिसर सहित निर्धारित क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित कर पूर्ण ब्लैक आउट किया गया। नागरिकों, मरीजों, तीमारदारों एवं स्टाफ द्वारा सुरक्षित स्थानों में शरण ली गई।

खतरा समाप्त होने पर ऑल क्लियर ध्वनि में दो मिनट तक सायरन बजाया गया। इसके उपरान्त नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों द्वारा फायर एक्सटिंग्यूशर से छोटी आग बुझाने तथा फायर सर्विस द्वारा फायर टेंडर से बड़ी आग बुझाने का प्रदर्शन किया गया। घायलों को प्राथमिक चिकित्सा दी गई, ध्वस्त भवन में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया तथा गम्भीर घायलों को एम्बुलेन्स से अस्पताल पहुँचाया गया।

इस दौरान पुलिस विभाग द्वारा शांति व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबन्धन, भीड़ नियंत्रण एवं सायरन की व्यवस्था, स्वास्थ्य विभाग द्वारा एम्बुलेन्स, चिकित्सा कैम्प, 108 सेवा एवं अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखने, विद्युत विभाग द्वारा ब्लैक आउट व आपूर्ति बहाली, अग्निशमन विभाग द्वारा आग बुझाने का प्रदर्शन, नगर पालिका द्वारा पेयजल, सफाई एवं जन-जागरूकता, परिवहन विभाग द्वारा आश्रय स्थलों तक वाहन व्यवस्था, होमगार्ड, एनसीसी, एनएसएस, पीआरडी, युवा कल्याण एवं आपदा मित्रों द्वारा सहयोग का कार्य किया गया।

मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य किसी भी आपातकालीन स्थिति / हवाई हमले के समय आम नागरिकों एवं विभिन्न विभागों में समन्वय स्थापित कर जान-माल की सुरक्षा हेतु त्वरित कार्यवाही की क्षमता का परीक्षण करना था। अन्त में आम नागरिकों से अपील की गई कि सायरन बजने पर घबराएं नहीं, अफवाहों पर ध्यान न दें, ब्लैक आउट के नियमों का पालन करें तथा प्रशासन व नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों के निर्देशों का पालन करें। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कुमार धर्मेंद्र सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट