जनपद बांदा।
विश्व हिंदू महासंघ गौ रक्षा समिति/ गंगा समग्र कानपुर प्रांत के जिला संयोजक महेश प्रजापति ने अपने उद्बोधन में कहा कि जनपद बांदा पिछले वर्ष भीषण गर्मी में लगभग 49 डिग्री तापमान के साथ विश्व का सबसे गर्म शहर बनकर पूरी दुनिया में चर्चा का विषय बना था। जिले में हो रही अंधाधुंध हरे पेड़ों की कटाई, केन नदी में JCB- पोकलैंड से हो रहा अवैध बालू खनन और सैकड़ों प्राकृतिक तालाबों / पूमा- पोखरों को पाटना ही इस विनाश का मुख्य कारण है।
इसी गंभीर विषय को जन-जन तक पहुंचाने के लिए शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर आदिशक्ति सेवा फाउंडेशन, बांदा के द्वारा अतर्रा चुंगी, बांदा में माता रानी की झांकी को इस वर्ष “प्रकृति संरक्षण” थीम पर सजाया गया है, जो पूरे नगर में आकर्षण और चेतना का केंद्र बनी हुई है। इसी क्रम में गंगा समग्र कानपुर प्रांत के जिला संयोजक एवं विश्व हिंदू महासंघ गौरक्षा समिति के जिला अध्यक्ष महेश कुमार प्रजापति ने माता रानी के दरबार में पहुंचकर जगत जननी माँ दुर्गा के चरणों में एक विस्तृत प्रार्थना-पत्र अर्पित किया।

माता रानी को दिये प्रार्थना-पत्र में 5 मुख्य बिंदु –
1. हरे वृक्षों की कटाई पर – जनपद में प्रतिदिन सैकड़ों नीम, पीपल, बरगद के पेड़ काटे जा रहे हैं, वन विभाग मौन है। इसी से बांदा का तापमान 49 डिग्री पहुंचा।
2. केन नदी में अवैध खनन पर – JCB, पोकलैंड से केन नदी को दिन-रात छलनी किया जा रहा है, जलस्तर 20 फीट नीचे चला गया, घाट टूट रहे हैं।
3. तालाब, -पोखर पर कब्जा – पूर्वजों द्वारा बनाये गये सैकड़ों तालाब, पूमा-पोखर जो वर्षा जल रोकते थे, उन्हें पाटकर कब्जा किया जा रहा है।
4. जल संकट और तापमान पर – वृक्ष कटान से बांदा रेगिस्तान बन रहा है, हैंडपंप सूख रहे हैं, किसान त्रस्त है।
5. गोवंश और जलीय जीवों पर – अतर्रा नगर पालिका गौशाला में गोवंश भूख से मर रहा है, चरही खाली है, नकली चारा खिलाया जा रहा है, वहीं नदियों में POP मूर्तियों से जलीय जीव मर रहे हैं।
महेश कुमार प्रजापति नवरात्रि के पावन पर्व पर लगातार जनपद के विभिन्न दुर्गा पंडालों में पहुंचकर प्रकृति थीम पर स्थापित माँ दुर्गा की प्रतिमाओं के पंडाल पदाधिकारियों को उनके अच्छे कार्य के लिए अंगवस्त्र और माता रानी की चुनरी उढ़ाकर सम्मानित कर रहे हैं और उन्हें माता रानी के नाम प्रार्थना-पत्र भी सौंप रहे हैं। महेश कुमार प्रजापति ने कहा नवरात्रि केवल पूजा नहीं, प्रकृति की पूजा है। माता रानी से यही आग्रह है कि ऐसे कृत्य करने वाले – पेड़ काटने वाले, नदी लूटने वाले, तालाब पाटने वाले व्यक्तियों को सद्बुद्धि मिले और वे प्रकृति से छेड़छाड़ बंद करें, नहीं तो आने वाले भविष्य में आम जनमानस को 50 डिग्री से भी अधिक तापमान का भारी नुकसान उठाना पड़ेगा। इस मौके पर दीनदयाल सोनी, जिला उपाध्यक्ष अनीता गुप्ता, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष महेश कुमार धुरिया, विनोद कुमार, विनय कुमार, विकी जिला मंत्री सहित तमाम लोग मौजूद रहे।
Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट


